दुर्ग

अपार्टमेंट और पाश कॉलोनियों में दबिश दे पुलिस ने की अकस्मात चेकिंग
07-Jul-2022 4:34 PM
अपार्टमेंट और पाश कॉलोनियों में दबिश दे पुलिस ने की अकस्मात चेकिंग

सुबह 5 बजे 450 घरों में दी दस्तक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 जुलाई।
किरायादारों का सत्यापन, लिफ्ट वेरिफिकेशन, आसामाजिक तत्वों की चेकिंग, पार्किंग में लावारिस वाहन की चेकिंग, सीसीटीवी चेकिंग, अपार्टमेंट एवं रेसिडेंसी लोगों की शिकायत एवं फीडबैक से संबंधित अभियान चला जिला पुलिस ने आज सुबह 5 बजे कई पाश कालोनियों के घरों में दस्तक दी है। इस अभियान में डेढ़ दर्जन अधिकारियों के साथ डेढ़ सौ जवानों को लगाया गया है।

गौरतलब हो कि दुर्ग-भिलाई शहर में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव के नेतृत्व में आज अलसुबह 5 बजे से डेढ़ दर्जन से अधिक अधिकारी एवं 150 से अधिक जवानों के द्वारा मकान किरायेदार सत्यापन एवं कॉलोनी चेकिंग अभियान चलाया गया।
दुर्ग पुलिस के जवानों के द्वारा  लोगों के घर-घर जाकर उनके यहां रह रहे  किरायेदारों के संबंध में जानकारी ली गई।

आज सुबह 5 बजे से यह अभियान कुबेर एवं सूर्या रेसिडेंसी एवं चौहान टाउन में  संयुक्त रूप में चलाया गया। जिसमें किरायादारो का सत्यापन, लिफ्ट वेरिफिकेशन, असामाजिक तत्वों की चेकिंग, पार्किंग में लावारिस वाहन की चेकिंग, सीसीटीवी चेकिंग, अपार्टमेंट एवं रेसिडेंसी के लोगों की शिकायत एवं फीडबैक शामिल था। जांच के दौरान जिस कॉलोनी में त्रुटि पाई गई उसमें संबंधित मेंबर को बुलाकर सूचना दी गई और कॉलोनीवासियों को सीसीटीवी कैमरा लगाने एवं अन्य नियमों के संबंध में जागरूक कर आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस को कॉल करने हेतु डायल 112 एवं अन्य संपर्क नंबर दिए गए।

नियमानुसार किसी भी व्यक्ति को अपना घर मकान किराए में देने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन ऑनलाइन/ऑफलाइन जरूर कराने कहा गया है। चेकिंग अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव ने किया तथा उप पुलिस अधीक्षक क्राइम नसर सिद्धकी, उप पुलिस अधीक्षक यातायात गुरजीत सिंह, थाना प्रभारी सुपेला, थाना प्रभारी खुर्सीपार, चौकी प्रभारी स्मृति नगर सहित 150 से अधिक जवान अभियान में उपस्थित रहे।
 


अन्य पोस्ट