दुर्ग
तीन दिन बाद 2 कबाड़ी समेत 9 गिरफ्तार, सामान बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 जून। कबाडिय़ों ने बीते दिनों भिलाई चरोदा निगम के पीएचई का 8 लाख का माल पार कर दिया। निगम के इंजीनियर की शिकायत पर पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और तीन दिन बाद भिलाई तीन व सुपेला के दो कबाडिय़ों सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर चोरी का सारा सामान बरामद किया है।
पुरानी भिलाई पुलिस के अनुसार भिलाई चरोदा नगर निगम के उप अभियंता हेमंत कुमार ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि निगम के कम्पोस्ट शेड सिरसाकला में 8 लाख से ज्यादा का सामान रखा हुआ था। इसमें एमजे कम्प्रेशर, ज्वाईंटर, एमजे कॉलर, कपलिंग ज्वाईंट, स्लूश वाल, डीआई बैंड आदि शामिल थे। सोलह जून की रात को यहां चोरी हुई और अज्ञात चोरों ने पूरा सामान चुरा लिया।
शिकायत के बाद जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए पुरैना निवासी एक कबाड़ी प्रभाकर पाण्डेय के बारे में पता चला। मुखबिर ने बताया कि घटना के दिन प्रभाकर पांडेय को अपने साथी अनिल यादव, बाल मुकुंद, टिकेश्वर के साथ निगम कम्पोस्ट शेड के आसपास घटना की देर रात देखा गया था।
पुलिस को यह भी पता चला कि प्रभाकर पाण्डेय के साथ सुपेला में रहने वाला कबाड़ी संत सिंह उर्फ बुग्गी के साथ भी देखा गया है। इसके बाद पुलिस ने प्रभाकर पांडे, संत सिंह व इनके साथी अनिल यादव, बाल मुकुंद, टिकेश्वर, हर्ष कुमार सिंह, विजय विश्वकर्मा, गोविंद कुमार वर्मा तथा देवानंद निषाद को थाने बुलाकर पूछताछ की। पहले तो सभी ना नुकूर करते रहे, परंतु कड़ाई से पूछताछ करने पर सभी ने चोरी कबूल ली।
आरोपियों ने बताया कि 16 जून की रात को इन लोगों ने पिकअप सीजी 07 सीसी 3548 में वह सारा सामान भर कर ले गए। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पिकअप के साथ पूरा माल बरामद किया।