दुर्ग
समाधान के लिए जिला प्रशासन ने तेल कंपनी के साथ आज रखी बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 जून। दुर्ग भिलाई शहर सहित जिले के 60 पेट्रोल पंप ड्राई हो गए हैं। पेट्रोल डीजल के लिए जिले के नागरिक तरस रहे हैं जबकि पेट्रोल एवं डीजल के आपूर्तिकर्ता कंपनी में दो कंपनियां बीपीसीएल एवं एचपीसीएल पेट्रोल पंप डीलरों को मांग की अपेक्षा आपूर्ति नहीं कर पा रही हैं। विगत एक सप्ताह से अग्रिम राशि का भुगतान करने के बावजूद पेट्रोल एवं डीजल भिलाई दुर्ग सहित जिले के अनेक पंप को मांग के अनुरूप नहीं मिल पा रहा है। आगे स्थिति और भी अधिक भयावह होने की आशंका जताई जा रही है।
संभवत: जिले के नागरिकों को अपने-अपने वाहनों को तेल के अभाव में खड़ा करना पड़ सकता है हालांकि जिला प्रशासन द्वारा स्थिति को ध्यान रखते हुए आज तेल सप्लायर कंपनी के अधिकारियों के साथ, जिला खाद्य नियंत्रक सीपी दीपांकर की बैठक रखी गई है ताकि इस गंभीर विषय का समाधान निकाला जा सके वहीं दूसरी ओर दुर्ग भिलाई पेट्रोल पंप डीलर वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा है कि 100 पेट्रोल पंप में से जिले के 60 पेट्रोल पंप ड्राई हो चुके हैं, यदि शीघ्र ही सकारात्मक कदम तेल के आपूर्तिकर्ता कंपनियों के द्वारा नहीं उठाए गए तो शहर में नागरिकों को पेट्रोल नहीं मिल पाएगा।
गौरतलब हो कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 120 डॉलर प्रति बैरल तक जा पहुंचे हैं, लेकिन पेट्रोल डीजल की कीमतें एक महीने से स्थिर हैं। भारतीय तेल कंपनियों ने आज 20 जून को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।
इससे पहले आखिरी बार 21 मई को मोदी सरकार ने उत्पाद शुल्क यानी एक्साइज ड्यूटी में कटौती की थी, जिससे पेट्रोल और डीजल सस्ता हुआ था। कीमतों को लेकर जनता को राहत तो मिली थी परंतु अब पेट्रोल एवं डीजल की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है हालांकि अंतर्राष्ट्रीय बाजार से खपत के मुताबिक सरकार के द्वारा क्रूड ऑयल की खरीदारी की जा रही है, परंतु आपूर्तिकर्ता कंपनी में इंडियन ऑयल बीपीसीएल एवं एचपीसीएल पेट्रोल एवं डीजल पंप के डीलरों को तेल की आपूर्ति मांग के अनुरूप नहीं कर पा रही है, जिसके दुर्ग जिले के 60 फीसदी पेट्रोल पंप में पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध नहीं हैं, जिससे ग्राहकों को पेट्रोल एवं डीजल प्राप्त करने के लिए विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं। एक पंप छोडक़र दूसरे पंप ग्राहक पहुंच रहे हैं ताकि उनके वाहनों को गति मिल सके।
जानकारी के अनुसार विगत तीन माह से एचपीसीएल कंपनी के द्वारा डीलर्स को पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति नहीं कर पा रही है, जिसके कारण एचपीसीएल के लगभग सभी पेट्रोल पंप ड्राई होकर बंद पड़े हुए हैं। इसके चलते इंडियन ऑयल एवं बीपीसीएल कंपनी के ऊपर अत्यधिक दबाव आ रहा था, परंतु अब बीपीसीएल भी सामान्य दिनों की तरह डीलर को तेल की सप्लाई मांग के अनुरूप नहीं कर पा रहा है जिससे बीपीसीएल के पंप भी अब ड्राई होने लगे हैं और ग्राहकों को बीपीसीएल के पेट्रोल पंप से भी बिना तेल के वापस लौटना पड़ रहा है।
दुर्ग-भिलाई पेट्रोल पंप डीलर वेलफेयर एसोसिएशन के द्वारा आरोप लगाया गया है कि एचपीसीएल के बाद अब बीपीसीएल भी मांग के अनुरूप केवल 50 फ़ीसदी ही तेल की सप्लाई कर पा रहा है, जिसके कारण शहर के अब करीबन 100 पेट्रोल पंप में तेल उपलब्ध नहीं है। ऐसी स्थिति में जिले के नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल पंप डीलर द्वारा अग्रिम राशि का भुगतान करने के बाद भी विगत एक सप्ताह से बीपीसीएल के द्वारा तेल की सप्लाई नहीं की जा रही है। जिसके कारण अब नया संकट उत्पन्न हो गया है। यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में जिले के नागरिकों को पेट्रोल एवं डीजल नहीं मिल पाएगा।
भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड बीपीसीएल टेरेटरी मैनेजर पीएम श्रमिक पांचाल से च्च्छत्तीसगढ़ज्ज् ने बात की तो उन्होंने स्पष्ट किया गया कि एचपीसीएल की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पूरा दबाव बीपीसीएल एवं आईओसीएल कंपनी के ऊपर आ रहा है परंतु संसाधन सीमित होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है फिर भी आज जिला खाद्य नियंत्रक सीपी दीपांकर के साथ दुर्ग में बैठक होनी है और समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।
भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के सेल्स मैनेजर वैभव लाखे ने बताया कि जिले में बीपीसीएल पेट्रोल पंप की संख्या अपेक्षाकृत काफी कम है, इसके बावजूद लगातार केवल एक डिपो के माध्यम से तेल की आपूर्ति करने का प्रयास उनकी कंपनी के द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पाटन में एचपीसीएल के चार पेट्रोल पंप हैं, चारों ही पेट्रोल पंप ड्राई हैं। ऐसे में बीपीसीएल के एक पेट्रोल पंप से आपूर्ति संभव नहीं है। इसी प्रकार से अन्य क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी हुई है। उन्होंने स्वीकार किया कि डीलर्स के द्वारा अग्रिम भुगतान करने के बावजूद भी सीमित मात्रा के कारण मांग के अनुरूप सप्लाई नहीं हो पा रही है।
बाजार में मांग अत्यधिक है उसकी तुलना में सप्लाई के संसाधन सीमित हैं। उनकी कंपनी के द्वारा विगत माह 43 फीसदी ज्यादा मात्रा में तेल विक्रय किया गया है। वर्तमान हालात में अत्यधिक मांग होने के कारण सप्लाई नहीं कर पा रहे हैं। डीलर के द्वारा अग्रिम भुगतान करने के बावजूद वे सप्लाई नहीं दे पा रहे हैं।
पंप के हालात ऐसे हैं कि सुबह पूरा भंडार तेल का उपलब्ध होने के बावजूद शाम तक खाली हो जा रहा है, इसमें बीपीसीएल कंपनी की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में कृषि क्षेत्र से ट्रांसपोर्टिंग क्षेत्र से अत्यधिक दबाव होने के कारण भी मांग बढ़ गई है, जो कि एक-दो हफ्ते में सामान्य हो जाएगी।