दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जून। जिला भारतीय जनता पार्टी के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस पर प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को पार्टी के विभिन्न विषयों पर अपना वक्तव्य और मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उन्हें प्रशिक्षित किया। इस दौरान प्रमुख रुप से दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल, राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडेय, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव, पूर्व संसदीय सचिव रूप कुमारी चौधरी और कमल सिंह राठौर द्वारा कार्यकर्ताओं का प्रबोधन किया गया। प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस के सप्तम सत्र पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव द्वारा भाजपा के इतिहास एवं विकास पर अपना संबोधन दिया। अष्टम सत्र में राजनांदगांव के लोकसभा सांसद संतोष पांडेय ने अपनी कार्यपद्धति और संगठन संरचना में हमारी भूमिका विषय पर अपना वक्तव्य देते हुए कहा कि पार्टी के उत्थान से हमारी क्या भूमिका हो सकती है और पार्टी की कार्यपद्धति क्या है, यह बताया।
वर्ग के नवम सत्र में दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल द्वारा 2014 के बाद आया युगांतकारी परिवर्तन विषय पर अपना संबोधन देते हुए कहा कि कहीं न कहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 में देश का नेतृत्व संभालने के पश्चात देश में विकास की एक नई परंपरा की शुरुआत हुई। वर्ग के दसवें सत्र में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश पांडेय , राष्ट्रीय बाल आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, कमल सिंह राठौर,संसदीय सचिव रूप कुमारी चौधरी ने संबोधित किया।