दुर्ग

जमानत पर छूटे आरोपी की मौत, पुलिस पर प्रताडऩा का आरोप
17-Jun-2022 3:30 PM
जमानत पर छूटे आरोपी की मौत, पुलिस पर प्रताडऩा का आरोप

मजिस्ट्रेट जांच के बाद होगी दोषियों पर कार्रवाई-एसडीओपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद,  17 जून।
पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक धारा के तहत की गई कार्रवाई के बाद जमानत पर छूटे एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पैसे खाकर आरोपी को बुरी तरह टार्चर किया जो मौत का कारण बना है। गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक का शव सडक़ पर रख संबंधित पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुरुद थाना एवं बिरेझर पुलिस चौकी अन्तर्गत ग्राम गातापार (सिर्री )निवासी लुकेश्वर पिता सोनउ साहू (40) के खिलाफ गत 9 जून को गांव के ही एक महिला ने गाली गलौज करने की शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस ने लुकेश्वर को चौकी बुलाया और दूसरे दिन 10 जून को धारा 151की कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया, जहां उसकी जमानत हो गई। घर में तबीयत बिगडऩे पर 15 जून की रात उसे धमतरी के हॉस्पिटल ले गए,जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मामूली विवाद पर की गई कार्रवाई से गुस्साए ग्रामीणों ने लुकेश्वर के शव को ऑटो से पुलिस चौकी बिरेझर ला रहे थे। लेकिन पुलिस ने रास्ते में रोक लिया।

मौके पर मौजूद एसडीओपी अभिषेक केसरी, कुरूद टीआई प्रणाली वैद्य, चौकी प्रभारी गोवर्धन सिंह ठाकुर ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण एवं परिजन मानने तैयार नहीं हुए। मृतक के बेटा प्रकाश, बहन कौशिल्या सहित अन्य परिजन एवं ग्रामीणों ने बिरेझर पुलिस पर रुपये लेकर कार्रवाई एवं मारपीट कर प्रताडि़त करने का आरोप लगा दोषी पुलिस कर्मी पर कार्यवाही करने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी करते हुए सडक़ पर हंगामा किया।

परिजनों का कहना है कि जमानत पर रिहा होने के बाद से ही लुकेश्वर दर्द से कराह रहा था पुलिसिया मार से ही उसकी तबीयत बिगड़ी और मृत्यु हो गई। लोगों का आक्रोश देख कार्यपालिक मजिस्ट्रेट टीएस खरे की मौजूदगी में पंचनामा पश्चात चार डाक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम करवाया गया जिसकी विडियो रिकॉर्डिंग भी हुई है । इस मामले में कुरूद अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अभिषेक केसरी ने बताया कि बिरेझर चौकी में एक महिला की शिकायत पर मृतक लुकेश्वर साहू के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। उसकी मौत को लेकर के बाद दोषी पुलिस कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
 


अन्य पोस्ट