दुर्ग
नाबालिग सहित 4 गिरफ्तार, कार-हथियार जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर 17 जून। नेवई थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग के अपहरण मामले में पुलिस ने तीन आरोपी एवं घटना में शामिल एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। अपराध दर्ज होने के चंद घंटों में नेवई पुलिस ने यह सफलता हासिल की। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार एवं कार भी जब्त हो गई है।
नेवई थाना प्रभारी ने बताया कि प्रार्थी रत्नमाला लिमा निवासी रिसाली सेक्टर द्वारा 15 जून को थाना आकर एमएम मोबाईल दुकान संचालक दीपक एवं उसके तीन अन्य दोस्तों के द्वारा उनके पुत्र आदित्य (15 वर्ष) का अपहरण कर कार में जबरदस्ती अपने दुकान ले जाकर मोबाईल का बकाया पैसा वापस करने के नाम पर मारपीट करने, गले में चाकू टिकाने एवं जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 365, 506 व 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
पता तलाश दौरान आरोपी दीपक कुमार प्रजापति, शरणजीत सिंह, अरविंद कुमार महतो एवं अन्य नाबालिग बालक द्वारा यह अपराध कारित करना पाया गया। सभी आरोपी व नाबालिग को आज गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार एवं कार क्रमांक सीजी 04 एचडी 5295 को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों एवं अपचारी बालक को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।