दुर्ग
दुर्ग, राजनांदगांव सहित प्रदेश में 58 नए मरीज
चौथी लहर रोकने सावधानी जरूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 जून। दुर्ग जिले में कल 10 नए मरीज मिलने से कोरोना की चौथी लहर की आहट सुनाई देने लगी है। यहां सक्रिय मरीजों की संख्या 27 हो गई है जबकि प्राप्त आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर में 3 नए संक्रमित मिलने से सक्रिय मरीजों की संख्या 28, सरगुजा में दो नए मरीजों के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या 14, राजनांदगांव में 7 नए मरीज के साथ अब संख्या 12 हो गई है।
छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण का दायरा तेजी से बढ़ा है। नतीजतन बीते 24 घंटों में प्रदेश में 58 नए मरीज मिले हैं जिससे सक्रिय मरीजों की संख्या बढक़र 232 हो गई है। यह मार्च महीने के बाद मिली कोरोना मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है।
इस आंकड़े ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि कोरोना की चौथी लहर का खतरा टालने के लिए अत्यधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। बचे हुए लोगों को कोरोना रोधी टीका लगवाने पर जोर दिया जा रहा है।
श्री सिंहदेव ने कहा कि पिछले कुछ समय से देश और प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में आई कमी के बाद पुन: संक्रमण बढ़ता दिख रहा है क्योंकि लोगों में कोरोना के प्रति सजगता में कमी आई है। सार्वजनिक जगहों पर सावधानी नहीं बरती जा रही है। पिछले सप्ताह की तुलना में प्रकरणों में ढाई से तीन गुना बढ़ोतरी हुई है। पिछले सप्ताह में 71 मामलों की तुलना में इस सप्ताह 193 मामले आए हैं। हम सब पूरी सावधानी बरतते हुए आम स्थलों में शारीरिक दूरी एवं मास्क का उपयोग अवश्य करें और टेस्टिंग से परहेज न करें। जिन्होंने कोरोना का टीका अभी भी नहीं लगवाया है वह सभी टीका अवश्य लगवा लें। 12 से 15 साल आयु वर्ग के बच्चे और 15 से 18 साल के बच्चों के साथ ही 60 वर्ष के ऊपर के लोग जिन्हें बूस्टर डोज की प्राथमिकता है वह सभी अपना टीकाकरण अवश्य करवा लें।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार बुधवार को प्रदेश भर में चार हजार 909 सैंपल की जांच हुई जिसमें 58 मरीजों की पहचान हुई है। इसमें सबसे अधिक 19 मरीज रायपुर जिले में मिले हैं। पिछले दो सप्ताह से लगातार रायपुर में सबसे अधिक मरीज मिल रहे हैं। अब रायपुर में संक्रमितों की संख्या बढक़र 93 तक पहुंच गई है।