दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 जून। विवाद के पश्चात पत्नी के मायके चले जाने से निराश शराबी पति ने बीती रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आज सुबह पिता ने खिडक़ी से देखा तो बेटा फांसी पर लटका हुआ मिला। उसने तत्काल खुर्सीपार पुलिस को सूचित किया। खुर्सीपार पुलिस ने घटनास्थल पहुंच जांच के पश्चात मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
खुर्सीपार पुलिस ने बताया कि मृतक नितेश कुमार जेना पिता विद्या चरण जेना (33 वर्ष) लक्ष्मी नारायण नगर खुर्सीपार में रहता था। वह विगत 2 दिनों से जमकर शराब पी रहा था। कल रात को भी शराब के नशे में धुत होकर लौटने पर पत्नी के द्वारा उसके ऐसे कृत्य का विरोध किया गया। दोनों के मध्य विवाद होने लगा।
विवाद बढऩे पर पत्नी ने अपने ससुर से आग्रह किया कि उसे व दोनों बच्चियों को सेक्टर 4 उसके मायके में छोड़ दें। वह पति का नशा उतरने पर कल सुबह लौट आएगी। विवाद के पश्चात पत्नी के चले जाने से निराश पति ने अपने कमरे में पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर सीलिंग फैन से फांसी पर झूल गया।
आज सुबह 7 बजे विद्याचरण जेना उठे थे तो उनके द्वारा पुत्र के कमरे का कूलर बंद होने पर खिडक़ी से झांक कर देखा गया तो नितेश फांसी पर झूलता नजर आया। तत्काल पिता के द्वारा खुर्सीपार पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस टीम ने स्थल पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारने के बाद पंचनामा कार्रवाई कर विवेचना में लिया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक भिलाई स्थित टिस्कॉन कंपनी में सुपरवाइजर का कार्य करता था। वर्ष 2019 में उसका विवाह हुआ था। अत्यधिक शराब का सेवन करने के कारण पत्नी के द्वारा छोडक़र मायके चले जाने की धमकी दी गई थी। उसके द्वारा शराब का सेवन करना बंद कर दिया गया था, परंतु विगत 2 दिनों से फिर से वह शराब पी रहा था। कल रात को भी इसी कारण से दोनों के मध्य विवाद हुआ और पत्नी दोनों बच्चियाँ एक 2 साल एवं दूसरा 7 माह को अपने साथ लेकर मायके चली गई। पत्नी के चले जाने पर नितेश ने घर पर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।