दुर्ग
दुर्ग, 15 जून। शराब पी रहे आरोपियों ने प्रार्थी से पहले डिस्पोजल गिलास मंगवाया। बाद में देरी से डिस्पोजल गिलास लाने की बात कह कर गाली गलौज करते हुए मारपीट की। प्रार्थी की शिकायत पर पद्मनाभपुर चौकी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक धनीराम ठाकुर 13 जून को वह काम पर से दोपहर में लगभग 2 बजे घर आ रहा था। उस दौरान रास्ते में शीतला मंदिर के पास आरोपी मोनू और चिंटू अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहे थे। प्रार्थी को देखकर आरोपियों ने कहा कि दुकान से डिस्पोजल गिलास लेकर आओ। इसके बाद प्रार्थी धनीराम ठाकुर दुकान से गिलास लेकर इनके पास आया तो आरोपी मोनू ने गुस्से में आकर प्रार्थी से कहा कि इतना देरी से डिस्पोजल गिलास लेकर क्यों आ रहे हो। यह कहकर उसने प्रार्थी को पकड़ा और उसके सिर को दीवाल से टकराया। जब प्रार्थी ने कहा कि वह उसके साथ मारपीट क्यों कर रहा है। तब आरोपी मोनू और चिंटू ने प्रार्थी के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की।
आरोपियों ने डंडे एवं हाथ मुक्के से प्रार्थी को चोट पहुंचाया।