दुर्ग

कांग्रेस संकल्प शिविर में उठा पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का मुद्दा
15-Jun-2022 3:09 PM
कांग्रेस संकल्प शिविर में उठा पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का मुद्दा

चिंतन शिविर में कई निर्णय, पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करने पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 जून।
जिला ग्रामीण एवं शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त रूप से आयोजित संकल्प शिविर में पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का मुद्दा उठा। शिविर के दौरान मौजूद अनेक पदाधिकारियों ने बेबाकी से अपनी बात प्रदेश पदाधिकारियों के समक्ष रखी। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उदयपुर में हुए नव संकल्प शिविर में लिए गए निर्णय के अनुसार पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करने पर जोर दिया।

दुर्ग में आयोजित शिविर के दौरान पार्टी के एक पदाधिकारी ने यहां तक कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काम नहीं हो रहा है जबकि दूसरी पार्टी के लोगों का काम हो जाता है, इसके चलते पार्टी के अनेक कार्यकर्ता नाराज है। इस पर कांग्रेस के दुर्ग जिला प्रभारी गिरीश देवांगन ने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों का मान स मान होगा कोरोना की वजह से थोड़ी दूरी आ गई थी मगर पार्टी के विधायक अब अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं।उदयपुर में हुए नव संकल्प शिविर  में पारित संकल्प को क्रियान्वित करने इस शिविर में मुहर लगी। भारत जोड़ो यात्रा जो 2 अक्टूबर 2022 कश्मीर से शुरू होकर कन्याकुमारी तक चलेगी, कागजी सदस्यता अभियान का डिजिटलीकरण एवं आगामी संगठनात्मक चुनाव पर जोर दिया गया। इस दौरान बताया गया कि संगठन के भीतर राष्ट्रीय स्तर पर तीन   नए विभाग का गठन किया जाना है। जिसमें सार्वजनिक अंतर्दृष्टि विभाग, राष्ट्रीय प्रशिक्षण संस्था, चुनाव प्रबंधन विभाग व प्रत्येक स्तर पर सभी रिक्त पदों को अगले 90 से 180 दिन में भरा जाना है। कांग्रेस के 50 प्रतिशत पदाधिकारियों 50 वर्ष से कम आयु के होंगे।शिविर में यह भी जानकारी दी गई कि राज्य स्तर पर  राजनीतिक मामलों की समिति बनेगी। साथ ही एक पद एक व्यक्ति सिद्धांत लागू किया जाएगा। जिला प्रखंड एवं मंडल समितियों की बैठक नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने पर प्रत्येक जिले में 75 किलोमीटर लंबी पदयात्रा शुरू की जानी है। वहीं एक परिवार एक टिकट के सिद्धांत को भी सुनिश्चित किया जाएगा। 5 साल के संगठनात्मक अनुभव के बाद ही टिकट दी जाएगी।

अपने उद्बोधन में  मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि हमें संगठन को मजबूत करना होगा एवं प्रदेश की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। वरिष्ठ कांग्रेसी प्रदीप चौबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमें विचारों की एकरूपता रखनी होगी। यहां संकल्प शिविर में सभी व्यक्तियों के अलग-अलग मत हैं। कांग्रेस का उदय राष्ट्र की सुरक्षा एकता के लिए किया गया। भारत की आजादी में सदैव ही कांग्रेस का योगदान स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है उसे धूमिल नहीं किया जा सकता। दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने अपने उद्बोधन में कहा हमारा संकल्प है कि हम 2023 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का शासन लाएं। दुर्ग जिला प्रभारी गिरीश देवांगन ने सभी की बातों को सुनते हुए कहा कि सत्ता एवं संगठन के सफल समन्वय से ही लोगों तक अपनी योजनाओं को ले जा सकते हैं। राज्य शासन के सभी योजनाओं में भूपेश बघेल की सरकार ने सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा है। शिविर को जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी रिवेन्द्र यादव, महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, अश्वनी साहू, लक्ष्मण चंद्राकर, क्षितिज चंद्राकर, अल्ताफ अहमद, अजय मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, देवेंद्र देशमुख, जीवन वर्मा, झुमुक साहू, हीरा वर्मा, शमशेर कुरैशी, मनदीप सिंह भाटिया, देवेश मिश्रा, नंद कुमार सेन, हेमंत देवांगन, योगिता चंद्राकर, अनुप वर्मा, अशोक साहू, प्रमोद राजपूत, कृष्णा देवांगन, अब्दुल गनी, शिवाकांत तिवारी, राजकुमार नारायणी, विशाल देशमुख ने अपने विचार संगठन की मजबूती के लिए रखे।
मंच का संचालन व आभार प्रदर्शन निर्मल कोसरे ने किया।
 


अन्य पोस्ट