दुर्ग

दहेज प्रताडऩा : 14 साल तक झेलती रही दंश, चार बेटियों संग पिता के घर लौटी, जुर्म दर्ज
15-Jun-2022 2:32 PM
दहेज प्रताडऩा : 14 साल तक झेलती रही दंश, चार बेटियों संग पिता के घर लौटी, जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 जून।
चार बेटियों के साथ दो माह से पिता के घर रह रही 14 वर्ष से दहेज प्रताडऩा का दंश झेल रही महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार पीडि़ता सेक्टर-5 भिलाई में चार बेटियों को लेकर अप्रैल से रह रही है। उसका विवाह 21 अप्रैल 2008 को कमलेश कुमार पाण्डेय निवासी राजकिशोर नगर बिलासपुर के साथ सम्पन्न हुआ था। शादी में सोने-चांदी के जेवर, घरेलू सामान एवं नगद 40 हजार रूपये उपहार स्वरूप दिये गए। लगभग 6 माह ठीक रहने के बाद पति आए दिन शराब पीकर आता और दहेज में नगद ज्यादा नहीं मिला कहकर गाली गलौच मारपीट करता। जब चौथी पुत्री गर्भ में थी, तब कमलेश ने नशे में महिला से अत्यधिक मारपीट की, जिससे उसे तत्काल नर्सिंग होम ले जाना पड़ा था। जानकारी मिलने पर महिला के पिता ने सरकंडा थाना बिलासपुर में सूचना दे उसे बिलासपुर नर्सिंग होम से डिस्जार्च करा भिलाई ले आए।

इस वर्ष 2 अप्रैल की रात कमलेश ने पुन: उसे खूब मारा। जिसकी जानकारी महिला ने पिता को फोन पर दी। पिता ने महिला थाना बिलासपुर में सूचना देकर रक्षा टीम की सहायता से उसे भिलाई लाया। तब से वह अपनी चार बेटियों के साथ पिता के घर रह रही है। महिला थाना सेक्टर-6 में आवेदन देने पर कांउसलिंग में पति कमलेश एक बार भी उपस्थित नहीं हुआ। अंतत: वर्षों से पति की मानसिक एवं शारीरिक प्रताडऩा झेल रही पीडि़ता ने पति कमलेश कुमार पाण्डेय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।

महिला ने पुलिस को बताया कि कमलेश की नजर उसके पिता को रिटायरमेंट के बाद मिले 2 लाख रूपये पर है, वह आए दिन नशे में दहेज लाने उसे प्रताडि़त करता रहा। नशे की वजह से शादी पूर्व भी उसके खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज था। वर्ष 2019 में कमलेश ने पत्नी से मारपीट के दौरान चाकू से वार किया, जिससे उसे 32 टांके लगे थे।


अन्य पोस्ट