दुर्ग
दुर्ग, 11 जून। रेलवे द्वारा लोकल ट्रेनों के परिचालन को बंद कर दिए जाने से आम जनता परेशान हो गई है। प्रतिदिन ड्यूटी या अन्य आवश्यक कार्य से दुर्ग से रायपुर व राजनांदगांव की ओर आने जाने वाले यात्रियों को कष्ट झेलना पड़ रहा है। एक और रेलवे प्रशासन यात्रियों को सुविधाएं बढ़ा कर दिए जाने के बड़े-बड़े वादा करता है, परंतु दूसरी ओर उनकी सुविधा को लेकर चलाई जाने वाली ट्रेनों को बंद कर दे रहा है।
लोकल ट्रेनों से प्रतिदिन हजारों यात्री आना-जाना करते हैं, लेकिन कई लोकल ट्रेनों को बंद कर दिया गया है, जिसका खामियाजा आम यात्री को भुगतना पड़ रहा है। लोकल ट्रेनों के बंद होने से यात्रियों को अपने आवश्यक कार्य, व्यापार, नौकरी आदि से आने जाने के लिए अधिक खर्च करना पड़ रहा है और उन्हें आने-जाने में असुविधा भी हो रही है। समय भी ज्यादा लगता है। इस समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी के सदस्य एवं आम नागरिक 12 जून को सुबह 10 बजे रेलवे मुख्य स्टेशन प्रबंधक दुर्ग को ज्ञापन सौंपेंगे और सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करेंगे।