दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 जून। लगभग ढाई साल से बंद 15 लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें अब 1 जुलाई से शुरू होने जा रही हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने के साथ ही ट्रेन का किराया भी कम हो जाएगा। कोरोना काल के पहले की तरह दुर्ग-भिलाई और कुम्हारी जाने के लिए केवल 10 रुपए टिकट लगेगी। बालोद और बिलासपुर जाने के लिए मात्र 25 रुपए का ही टिकट लेना पड़ेगा, राजनांदगांव के लिए 20 रुपए ही खर्च करने होंगे। चूंकि अभी ट्रेनों को स्पेशल बताकर चलाया जा रहा है, इसलिए इन जगहों पर जाने के लिए दोगुना किराया देना पड़ता है।
गौरतलब हो कि रायपुर के आस-पास ही नहीं बल्कि लंबी दूरी की यात्रा के लिए भी दोगुना-तिगुना किराया देना पड़ रहा है। कोरोना की बंदिशें लागू होने के बाद से ही कई ट्रेनों का परिचालन बंद करने के साथ लोकल ट्रेनों को भी कैंसिल कर दिया गया है।
पहली जुलाई से लगभग सभी ट्रेनों का परिचालन शुरू होने के साथ ही पुराना किराया सूची लागू की जाएगी। जिसके बाद यात्रियों को दोगुना किराया नहीं देना पड़ेगा। अभी सबसे ज्यादा परेशानी रायपुर से दुर्ग, डोंगरगढ़, बिलासपुर व वाल्टेयर रूट में जाने वालों को हो रही है। रायपुर से सीधे कनेक्ट होने के बावजूद इन रुट्स में लोकल ट्रेनों की कमी है। 1 जुलाई से रेल यात्रियों को लोकल की सुविधा मिलने से उन्हें बडी़ आर्थिक राहत मिल सकेगी।