दुर्ग

घर के सामने खड़ी मिक्सर मशीन में लगाई आग
11-Jun-2022 3:27 PM
घर के सामने खड़ी मिक्सर मशीन में लगाई आग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 जून।
कुरुद ढांचा भवन क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों ने घर के सामने खड़ी मिक्सर मशीन को आग लगा दी। कालोनी वालों ने जब मशीन को जलते हुए देखा तो बाल्टी से पानी डालकर आग को बुझाया। लोगों ने बताया कि आगजनी का ऐसा मामला यह पहला नहीं है। इससे पहले भी मिट्टी तेल डालकर उनकी कार व मशीन को आग लगाने की कोशिश की गई थी। जामुल थाने में इसकी लिखित शिकायत भी की, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। पीडि़त देवदास साहू ने कहा कि यदि पुलिस आरोपियों को पकड़ लेती तो आज उनका इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।

साहू के मुताबिक उनके घर के सभी लोग जगन्नाथ पुरी गए हुए हैं। वह घर पर अकेले हैं। कल रात खाना खाने के बाद सो गए। देर रात लगभग साढ़े 11 बजे के उनके घर की बिजली अचानक चली गई। साहू ने पावर कट होने की बात सोचकर ध्यान नहीं दिया। करीब 10-15 मिनट बाद कालोनी के लोगों ने उन्हें बताया कि उनके घर के सामने आग लगी है। बाहर निकलकर देखा तो मशीन धू-धू कर जल रही थी।

बिजली न होने से बोर नहीं चला तो कालोनी के लोगों की मदद से बाल्टी बाल्टी पानी डालकर बड़ी मशक्कत से आग को बुझाया गया। जब तक आग बुझती मशीन पूरी तरह से जल गई। आग लगाने की घटना को अंजाम पूरी प्लानिंग के तहत दिया गया है।
आरोपियों ने पहले उनके घर की बिजली को खंभे से काट दिया जिससे कि उनके घर का सीसीटीवी बंद हो जाए। इसके बाद किसी ने पीछे से आकर मशीन में तेल डालकर आग लगा दिया। साहू का आरोप है कि कालोनी के पास स्थित कुरुद तालाब में देर रात तक अराजक तत्व गांजा व शराब का नशा करते हैं। मना करने पर वो लोग देख लेने की धमकी देते हैं और झगड़ा करते हैं। पुलिस से इसकी शिकायत करने पर इन्हीं लोगों ने रंजिशवश आगजनी की घटना को अंजाम दिया है।


अन्य पोस्ट