दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जून। आबादी भूमि में काबिज लोगों को मालिकाना हक देने राजस्व विभाग द्वारा विभिन्न ग्रामों में आबादी भूमि का ड्रोन सर्वे कराया जा रहा है। दुर्ग विकासखंड अंतर्गत 81 गांवों में से 32 गांवों का ड्रोन सर्वे पूरा हो चुका है। जिन ग्रामों का ड्रोन सर्वे पूर्ण हो गया है। उनका नक्शा खसरा तैयार कर रायपुर भी भेजा जा चुका है। वहीं जिन ग्रामों में ड्रोन सर्वे पूर्ण हो गया है, वहां अब डोर टू डोर सर्वे किया जाएगा।
तहसीलदार प्रकाश सोनी के मुताबिक जहां ड्रोन सर्वे पूरा हो चुका है। वहां डोर टू डोर सर्वे के दौरान आबादी जमीन के मालिक से आधार कार्ड मोबाइल नंबर लिया जा रहा है। इसके पश्चात खसरा मेंटेनेंस तैयार किया जाएगा। श्री सोनी ने बताया कि सभी ग्रामों का ड्रोन सर्वे पश्चात डोर टू डोर सर्वे उपरांत वहां के आबादी जमीन मालिक से आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर लिया गया है। उक्त सर्वे पूर्ण होने के बाद उनकी सूची का प्रकाशन किया जाएगा। सूची प्रकाशन कर दावा आपत्ति लेकर इसका निराकरण करने के पश्चात अंतिम सूची प्रकाशन का कार्य किया जाएगा।
उनके अनुसार आबादी अंतिम प्रकाशन सूची में शामिल आबादी भूमि के मालिक को उनके द्वारा काबिज आबादी भूमि का मालिकाना हक देते हुए पट्टा दिया जाएगा। उनका कहना है कि जिन 49 गांव में अभी तक ड्रोन सर्वे का काम जारी है। वहां भी ड्रोन सर्वे शीघ्र पूरा कर डोर टू डोर सर्वे कर उन गांव में आबादी जमीन के मालिकों से आधार एवं मोबाइल नंबर लेकर खसरा मेंटेनेंस तैयार करने के संबंध में मैदानी अमले को निर्देश दिए गए हैं ताकि शासन की योजना के मुताबिक पात्र लोगों को इसका लाभ दिलाया जा सके।