दुर्ग

बहू की जलाकर हत्या, पति एवं मां को उम्रकैद
05-Jun-2022 1:13 PM
बहू की जलाकर हत्या, पति एवं मां को उम्रकैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जून।
शादी के बाद ही पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े पर आरोपी पति एवं उसकी मां ने मिलकर बहू की जलाकर हत्या कर दी। अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश की कोर्ट ने मृतका के पति एवं सास को धारा 302, 34 के तहत आजीवन कारावास तथा 500 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। दंड अदा न करने पर एक 1 वर्ष के अतिरिक्त कारावास की सजा दी है। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक प्रदीप नेमा ने पैरवी की थी।

अधिवक्ता प्रदीप नेमा ने बताया कि निधि कुमारी का विवाह खुर्सीपार निवासी तबारक अली के साथ हुआ था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर आपस में विवाद हुआ था। 12 मार्च 2019 की दोपहर को आरोपी तबारक अली एवं उसकी मां फातिमा बेगम ने निधि कुमारी के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर अवस्था में लोगों ने उसे 112 वाहन की मदद से सुपेला अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान निधि कुमारी की मौत हो गई थी। निधि कुमारी के पिता की शिकायत पर खुर्सी पार पुलिस ने अपराध दर्ज किया था।


अन्य पोस्ट