दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 जून। भिलाई इस्पात संयंत्र की रेल मिल फिनिशिंग एरिया कर्मी तुलसी राम जांगड़े (58 वर्ष) की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई है।
कल रात जांगड़े ने सहकर्मियों को फोन पर जानकारी दी थी कि वह शाट शिफ्ट ड्यूटी में 15 मिनट देरी से पहुंचेगा, क्योंकि रिसाली में उसे मकान आबंटित हुआ है, ड्यूटी आते समय वह कुछ देर के लिए वहां भी जाएगा और फिर वह ड्यूटी पहुंचा ही नहीं।
कल रात में ही सडक़ दुर्घटना बाद उसे राहगीरों ने पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शव से मिले आई कार्ड के आधार पर पुलिस ने उनके घरवालों को सूचना दी।
तुलसीराम जांगड़े की मौत की सूचना मिलते ही बीएसपी रेल मिल कर्मचारियों में शोक की लहर फैल गई। जांगड़े सीनियर रेल प्रोसेसर पद पर कार्यरत थे और बीती रात नाइट शिफ्ट में ड्यूटी के लिए पाटन से भिलाई जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पाटन पुलिस मामले जांच कर रही है।
पाटन थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी ने बताया कि तुलसी राम जांगड़े दरबार मोखली निवासी रेल मिल में नाइट शिफ्ट में ड्यूटी जा रहे थे, तभी घर से कुछ किलोमीटर आगे ही दुर्ग पाटन रोड पर किसी चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जांगड़े रोड से छिटक कर दूर जा गिरे। उनका हेलमेट तक टूट गया था। हाथ में फ्रैक्चर और सिर में गहरी चोट आने से उनका काफी खून बह गया था। मामले की जांच की जा रही है।