दुर्ग
छत्तीसगढ़ी कलाकार उर्वशी व ड्रायवर घायल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 जून। शुक्रवार शाम को पुरानी भिलाई थाना अंतर्गत औंधी गांव में कार और ट्रक में हुई जोरदार टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए और ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, उसमें आग लग गई। कार में सवार छत्तीसगढ़ी कलाकार और दुर्ग नगर निगम की स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर उर्वशी साहू और ड्राइवर घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उर्वशी की हालत सामान्य है, वहीं ड्राइवर की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी लगते ही तत्काल दमकल वहां पहुंची और ट्रक की आग को बुझाया गया। पुरानी भिलाई पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
एएसपी विश्वास चंद्राकर ने बताया कि दुर्घटना कल शाम को औंधी गांव में हुई है। लोक कलाकार उर्वशी साहू अपनी कार में रायपुर से भिलाई आ रही थीं। दूसरी ओर तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक रायपुर की ओर जा रहा था। औंधी गांव में अचानक सामने आई कार को देखकर ट्रक चालक संभल नहीं पाया और सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सडक़ के नीचे गड्ढे में उतर गई और ट्रक पलट गया। ट्रक पलटते उसमें आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि ट्रक पूरी तरह से जल गया। फायर ब्रिगेड टीम ने घंटों मशक्कत के बाद आग को बुझाया।
आज सुबह अस्पताल रिपोर्ट के मुताबिक उर्वशी साहू और उनके ड्राइवर को काफी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उर्वशी की हालत सामान्य है, वहीं ड्राइवर को भर्ती किया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


