दुर्ग

शहर की जनता ने नकार दिया तो हल्लाबोल प्रदर्शन में भीड़ बढ़ाने अन्य जगह से भाजपा कार्यकर्ताओं को ढो-ढोकर लाया गया
03-Jun-2022 3:37 PM
शहर की जनता ने नकार दिया तो हल्लाबोल प्रदर्शन में भीड़ बढ़ाने अन्य जगह से भाजपा कार्यकर्ताओं को ढो-ढोकर लाया गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 जून।
राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय के नेतृत्व में नगर निगम के खिलाफ बुधवार को हल्लाबोल प्रदर्शन के बाद निगम के एमआईसी सदस्यों ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निगम के एमआईसी सदस्यों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि हल्लाबोल प्रदर्शन में दुर्ग शहर के वार्डों में भाजपा के मिनीडोर व अन्य वाहनों को स्थानीय जनता ने वापस भेज दिया। भीड़ बढ़ाने के लिए भाजपा ने भिलाई, रिसाली, अहिवारा, गुंडरदेही से भाजपा कार्यकर्ता बुलाए गए। प्रदर्शन के लिए भाड़े पर भीड़ जुटाई गई।  

एमआईसी सदस्यों ने कहा कि 20 साल तक शहर में भाजपा की परिषद काबिज होने के बावजूद चारों महापौर कार्यकाल में शहर की बेतहाशा दुर्गति होती रही। शंकर नाला सहित अन्य नालों की सफाई में भाजपा के महापौरों ने हर साल लाखों रुपए खर्च किये। शहर का नाला भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता रहा और नाले में आई बाढ़ से कई मौतें होती रही। इस सत्य को लोग भूले नहीं हैं।

भाजपा नेताओं से एमआईसी सदस्यों ने कहा कि ठगड़ा बांध में सौंदर्यीकरण और गहरीकरण के नाम पर तत्कालीन महापौर द्वारा करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद बांध को मूल विभाग को वापस क्यों किया गया। इसका जवाब भी पूर्व महापौर को देना चाहिए। पूर्व महापौर के कार्यकाल के दौरान सफाई के लिए किवार कंपनी लाई गई थी, जो 1 साल में चम्पत हो गई। कंपनी को करोड़ों रुपए का भुगतान और इसमें हुई मिलीभगत का भी जवाब शहर की जनता को मिलना चाहिए।  

एमआईसी सदस्यों ने कहा कि विधानसभा चुनाव और नगर निगम चुनाव में करारी शिकस्त मिलने के बाद भाजपा नेताओं ने शायद मानसिक संतुलन खो दिया है। पट्टा के नाम पर गरीबों के बीच भ्रम फैलाने वाली भाजपा नेत्री को क्या इतनी भी समझ नहीं है कि निगम को जमीन का पट्टा जारी करने का अधिकार ही नहीं है। शिविर लगाकर पट्टे का आवेदन लेने का काम ही किया जा रहा है। पट्टा देने का काम नजूल विभाग करता है। पात्र, अपात्र लोगों को पट्टा देना या न देना नजूल विभाग का काम है।

एमआईसी सदस्यों ने कहा कि पूर्व कार्यकाल के दौरान शीतला तालाब सौंदर्यीकरण में 1 करोड़ खर्च करने के बाद डबरी जैसा स्वरूप होना और मध्यान्ह भोजन योजना में सालों साल तक नन्हें बच्चों को इल्लियों भरा गुणवत्ताविहीन भोजन देने का गड़बड़झाला लोग अभी तक भूले नहीं हैं।

संयुक्त बयान में कहा गया है कि 20 वर्षों के कार्यकाल में तानाशाही चलाने का परिणाम है कि शहर की जनता ने भाजपा की दुर्गति करते हुए 15 पार्षदों में सिमटा दिया। 20 साल के पाप इतने हैं कि कई पन्ने भर जाएंगे। एमआईसी सदस्यों ने साफ कहा है कि झूठ और भ्रम फैलाकर राजनीति दोबारा की गई तो कांग्रेस पार्षद दल 20 साल के कार्यकाल में हुए पापों को उजागर करने से पीछे नहीं हटेगा।  बयान जारी करने वालों में एमआईसी सदस्य अब्दुल गनी, संजय कोहले, ऋषभ जैन, दीपक साहू, भोला महोबिया, जयश्री जोशी, सत्यवती वर्मा, जमुना साहू, हमीद खोखर, मनदीप सिंह भाटिया, शंकर ठाकुर, अनूप चंदनिया शामिल हैं।


अन्य पोस्ट