दुर्ग
भिलाई नगर, 3 जून। रात को खुर्सीपार थाना क्षेत्र में अपनी बहनों के साथ घर लौट रहे युवक से चार लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट की। हाथ मुक्का और राड के हमले से भाई को बचाने गई दो बहनों को भी चोट आई है। खुर्सीपार पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस ने बताया कि पेशे से ड्राईवर शुभम प्रधान (22 वर्ष) बुधवार रात साढ़े 11 बजे अपनी बहन कविता वर्मा, सविता वर्मा और उर्मिला वर्मा के साथ बड़ी बहन नंदिनी के घर गणेश मंदिर चौक खुर्सीपार से वापस अपने घर जा रहा था। वे मिनी माता नगर चौक के पास पहुँचे, तभी वासु, नवीन, तारे सिंग और जसपाल ने पूर्व रंजिश को लेकर एक राय होकर जान से मारने की धमकी देते हुए शुभम को हाथ मुक्का एवं राड से मारने लगे। उसके दाहिने कंधा एवं कमर में चोट आई है। बीच बचाव करने आयी कविता और सविता को दाहिने हाथ, गला एवं कंधा में चोट आई है।
खुर्सीपार पुलिस ने इस मामले में आरोपी वासु, नवीन, तारे सिंग और जसपाल के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।