दुर्ग

संपत्तिकर जमा करने पर नागरिकों को मिलेगी वर्ष के अंतिम माह तक छूट
31-May-2022 3:37 PM
संपत्तिकर जमा करने पर नागरिकों को मिलेगी वर्ष के अंतिम माह तक छूट

एमआईसी बैठक में विकास कार्य सहित लीज नवीनीकरण संबंध में प्रस्ताव पारित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 मई। 
नगर पालिक निगम दुर्ग की सोमवार को संपन्न एमआईसी की बैठक में शहर विकास एवं निगम की आय बढाने संबंधी विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में कुल 35 प्रस्ताव विचार के लिए प्रस्तुत किये गये थे, जिनमें से अधिकांश प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में शंकर नाला के चौड़ीकरण को बढाने के लिए दुर्गा चौक पर निर्मित सांस्कृतिक मंच को हटाये जाने का निर्णय लिया गया। मंच को हटाये जाने से नाले की चौड़ाई वर्तमान 06 मीटर से बढक़र 11 मीटर हो जावेगी। वहीं निगम क्षेत्र में संचालित आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. बालाराम जोशी के नाम पर किये जाने एवं दीपक नगर स्थित नवनिर्मित उद्यान का नामकरण शहीद जनरल वीपीन रावत के नाम से किये जाने के लिए वार्ड के पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से पत्र प्राप्त कर आगामी बैठक में निर्णय लिए जाने पर सहमति हुई। इसके अलावा निगम आधिपत्य विभिन्न दुकानो के लीज नवीनीकरण प्रस्तावो को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

बैठक में मुख्यमंत्री के घोषणा के अनुरूप पचरीपारा स्थित यादव छात्रावास में सामाजिक भवन निर्माण कार्य हेतु निविदा की न्युनतम् दर पर स्वीकृति दी गई। इसके अलावा निगम क्षेत्र में संपत्ती कर दाताओं को चालु वित्तीय वर्ष 2022-23 के संपत्तीकर जमा करने के लिए जुन तक 6 फीसदी जुलाई से सितम्बर तक 4 फीसदी व अक्टूबर से दिसम्बर 2022 तक जमा करने पर 2 फीसदी छुट प्रदान करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

निगम क्षेत्र में नगर निगम दुर्ग के अधिपत्य के सभी दुकानों का लीज नवीनीकरण करने पर भी आम सहमति बनी । वार्ड क्रमांक 40 ईरानी डेरा सीसी रोड निर्माण अंतर्गत स्थल परिवर्तन के संबंध में सीमेंट सडक रोड निर्माण अधोसंरचना मद के अंतर्गत राशि 7.00 करोड़ के अंतर्गत  राशि 3.91 लाख का प्रस्ताव प्रेषित किया गया। जबकि उक्त कार्य वार्ड नं0 40 इंदिरा कॉलोनी ईरानी डेरा के पास सीमेंट सडक निर्माण कार्य किया जाना है। अत: प्रकरण स्थल परिवर्तन में आंशिक संशोधन करने का निर्णय लिया गया है।

वार्ड क्रमांक 45 मिनी स्टेडियम के पास से सीमेंटीकरण करने का निर्णय लिया गया। वार्ड क्रमांक 05 शितला नगर में सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए विधायक निधि से करने का स्वीकृति प्रदान किया गया । फिल्टर प्लांट जी.ई. रोड के सामने लोक निर्माण विभाग द्वारा सडक़ चौड़ीकरण कर गार्डन निर्माण किया जावेगा जिसे नगर निगम दुर्ग द्वारा संचालित करने के लिए विभाग को सहमति प्रदान की गई । जनसमस्या निवारण शिविर में आम नागरिको के मांगों के अनुरूप गिरधारी नगर वार्ड से गुजरने वाले शंकर नाला को आरसीसी करने की मांग की गई थी, इस पर अधोसंरचना मद से निर्माण कार्य करने की स्वीकृति प्रदान की गई।

आज की मेयर इन कॉसिल की बैठक में महापौर धीरज बाकलीवाल, आयुक्त हरेश मंडावी, सभापति राजेश यादव, एमआईसी सदस्य अब्दुल गनी, ऋषभ जैन, भोला महोबिया, जयश्री जोशी, संजय कोहले, जमुना साहू, सत्यवती वर्मा, हमीद खोखर, मनदीप सिंह भाटिया, कार्यपालन अभियंता आरके पाण्डेय सहित निगम के संबंधित विभागों के अनेक अधिकारी उपस्थित थे।

महापौर धीरज बाकलीवाल की अध्यक्षता में संपन्न महापौर परामर्श दात्री समिति की बैठक उपरांत 3 बजे प्रारंभ हुआ लगभग 2 घण्टे की बैठक में अनेक प्रस्तावों पर विचार कर विमर्श कर प्रस्ताव पारित किया गया।


अन्य पोस्ट