दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 मई। भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस 3 में सीनियर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत कर्मचारी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उनका शव शनिवार की सुबह नेहरु नगर रेलवे ट्रैक पर पड़ा होने की सूचना सुपेला पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।
सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि किसी व्यक्ति का रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा हुआ है। मौके पर टीम पहुंचकर जांच प्रारंभ की, जांच में पता चला कि वह शव बीएसपी के सीनियर ऑपरेटर पवन कुमार अग्रवाल का है। इसके बाद परिजनों को पुलिस ने सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक पहले पवन अग्रवाल एसएमएस 1 में कार्य करते थे, एसएमएस 1 बंद होने के बाद उसका ट्रांसफर एसएमएस 3 में कर दिया गया था। कुछ दिन पूर्व ही उसे स्ट्रीट नंबर 36, सेक्टर नंबर 4 में बीएसपी का आवास आवंटित हुआ था। उस मकान का मरम्मत कार्य चल रहा था।
शनिवार की सुबह स्मृति नगर निवासी पवन अग्रवाल ने अपने परिवार वालों से कहा कि वह नए मकान के पौधों में पानी डालने जा रहे हंै। इसके बाद पवन नए घर में जाकर पौधों को पानी डाला और मोहल्ले वालों से बातचीत भी की। इसके बाद वह वहां से चले गए थे। जब काफी देर तक घर नहीं पहुंचे, तब घरवालों ने उनके मोबाइल पर फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके थोड़ी देर बाद लोगों को जानकारी हुई कि पवन ने सुसाइड कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पवन रियल इस्टेट में बहुत पैसा इन्वेस्ट किया था और उसे इसमें घाटा हो गया था। इसके बाद भी वह लोगों से कर्ज लेकर फिर से रियल इस्टेट में रकम लगाया था और इसके बाद से ही वह हमेशा तनाव में रहते थे। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि वह हमेशा आत्महत्या कर लेने की बात कहते रहते थे। वह पिछले 3 माह से मानसिक रूप से काफी तनाव में थे। सुपेला पुलिस जांच में जुटी हुई है।