दुर्ग
दुर्ग, 19 मई। पुराने लेन-देन की बात को लेकर आरोपी ने अधेड़ पर चाकू से वार कर दिया। इससे अधेड़ को चोटें आई और उसे इलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया। घायल के पुत्र प्रार्थी भीखम यादव की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294, 323, 506 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक शनि मंदिर के पास अटल आवास उरला निवासी रमेश यादव 17 मई की शाम 7 बजे घर पर अकेले ही था। इसी दौरान मोहल्ले का ही आरोपी ललित उर्फ सोनू बंजारे रुपए पैसे की बात को लेकर रमेश यादव के साथ गाली गलौज करने लगा।
इस पर रमेश यादव ने उसे गाली देने से मना किया तो गुस्साए आरोपी ने चाकू निकाला और जान से मारने की धमकी देते हुए रमेश यादव पर वार कर दिया।
जिससे रमेश के पीठ कमर आदि में चोटें आई और तेजी से खून निकलने लगा। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
घायल का पुत्र प्रार्थी भीखम यादव एवं उसकी मां काम पर गए हुए थे। जब वह काम से लौटे तो देखें कि उनके घर पर मोहल्ले वालों की भीड़ लगी हुई है और उसके पिता खून से लथपथ पड़े हुए है। भीखम यादव ने लोगों की मदद से 108 वाहन को बुलाया और पिता को उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग ले जाकर भर्ती किया।