दुर्ग

सडक़ हादसे में युवक की मौत, चक्काजाम
09-May-2022 5:03 PM
सडक़ हादसे में युवक की मौत, चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 9 मई।
उतई डूमरडीह चौक के पास हुए सडक़ हादसे के बाद आक्रोशित भाजपाइयों एवं ग्रामीणों ने  शव को रोड में रखकर चक्काजाम किया। पुलिस की समझाईश व मुआवजा राशि देने पर चक्काजाम खत्म हुआ।
ग्राम  पंचायत डूमरडीह चौक में रविवार को कैप्सूल गाड़ी की चपेट में आने  से बाईक सवार युवक की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने शव रखकर एक घंटे तक सद्भावना चौक पर चक्काजाम किया। उतई थाना प्रभारी निरीक्षक नवी मोनिका पाण्डेय अपने टीम के साथ मौके पर लोगों को समझाया और तत्काल पचास हजार नगद सहायता राशि देकर भीड़ को शांत किया।

दुर्ग पाटन मुख्य मार्ग पर उतई डुमरडीह चौक के पास बीते तीन दिनों में यह दूसरी मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। प्रत्यक्ष दर्शी के अनुसार नगर पंचायत उतई  के युवा शेखर साहू पिता स्व मोतीलाल साहू का रोज की तरह काम पर जाते वक्त बस स्टैंड डूमरडीह के पास मुख्य मार्ग में  स्थित बिजली पोल के तार से फंसकर गिर गया वहीं पीछे से आ रही कैप्सूल गाड़ी (मिक्चर मशीन) की चपेट में आने से शेखर साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

उबड़-खाबड़ रास्ता और पुराने सडक़ के हिसाब से बीच में पोल उसके बाद डिवाईडर होने से पोल और डिवाईडर के बीच की दूरी का कम होना तथा तीव्र गति से भारी वाहनों का चलना लोगों के लिए मौत का कारण बनते जा रहा है। तीन दिनों में यह दूसरी दुर्घटना है।

साल भर नही हुए पिता की मृत्यु के दुख से अभी परिवार उबरा भी नहीं था कि जवान बेटे की मौत ने परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। भाजपाइयों ने कहा कि बिजली पोल को जल्दी से शिफ्ट करें ताकि  और किसी भी तरह की कोई घटना न हो और मृतक परिवार को उचित मुआवज़ा राशि देवें।

इस मौके पर भाजपा उतई मंडल महामंत्री सोनू राजपूत भाजयुमों अध्यक्ष प्रवीण यदु,दुर्ग ग्रामीण विधानसभा मीडिया प्रभारी पूनमचंद सपहा, नगर अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण साहू, पार्षद भीमसेन सिन्हा,सतीश चंद्रकार,व्यपारी प्रकोष्ठ संयोजक रूपेश पारख,चंदू देवांगन,राकेश देवांगन,डुमेश साहू,राजा साहू, हितु साहू,सहित अधिक संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट