दुर्ग

लॉटरी को लेकर पालकों का हंगामा, सूची निरस्त
07-May-2022 3:49 PM
लॉटरी को लेकर पालकों का हंगामा, सूची निरस्त

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नगपुरा में हुआ बवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 मई। 
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नगपुरा में जमकर बवाल हुआ। क्लास-1 में प्रवेश के लिए निकाली गई लाटरी की प्रक्रिया को लेकर पालकों ने घंटों हंगामा किया। स्कूल गेट में ताला लगाकार ढाई घंटे तक प्राचार्य व शिक्षकों को निकलने नहीं दिया गया। करीब 200 की सं या में पालक व ग्रामीण सूची निरस्त कर नए सिरे से लाटरी निकाले जाने की मांग कर रहे थे। इस बीच  जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने प्रतिनिधि के रुप में बीईओ डॉ. राव व एडी अमित घोष को नगपुरा स्कूल भेजा। इन अधिकारियों की मौजूदगी में पालकों व स्कूल स्टाफ से चर्चा हुई। चर्चा के बाद अधिकारियों ने सूची निरस्त करने निर्देशित किया। प्रवेश के लिए नए सिरे से लाटरी आगामी दिनों में निकाली जाएगी।

सरकारी स्तर पर संचालित अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रवेश के लिए  बड़ी सं या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। सीमित संख्या में सीटों की उपलब्धता के चलते प्रवेश को लेकर अप्रिय स्थिति निर्मित हो रही है। हालांकि प्रवेश प्रक्रिया को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग का स्पष्ट गाइड लाइन है कि आरक्षण नियमों का पालन कर एवं महतारी-दुलारी योजना के पात्र आवेदकों को प्रवेश दिया जाना है। नगपुरा स्कूल पहुंचे अधिकारियों ने पाया कि आवेदनों की स्कूटनी ठीक ढंग से नहीं की गई। इस वजह से ऐसे आवेदक भी सूची में शामिल हो गए, जो दीगर जिले के है। ग्रामीणों ने इसे अपना उपेक्षा बताते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन करने वालों में बलराम, गिरीश साहू, जितेंद्र देशमुख, आकाश सेन, हेमंत सिन्हा, धर्मेश देशमुख, बसंत साहू सहित अन्य पालक शामिल थे। नगपुरा स्कूल के प्राचार्य वर्षा जान ने बताया कि गुरुवार की सुबह 9 बजे लाटरी निकाले जाने स्थानीय जनप्रतिनिधि व सरपंच को सूचित किया गया था, मगर वे नहीं पहुंच पाए। उनकी अनुपस्थिति में लाटरी की प्रक्रिया की गई।  स्थानीय निवासी व पालक जितेंद्र कुमार देशमुख ने बताया कि क्लास-1  में प्रवेश के लिए 298 आवेदन मिलने की जानकारी स्कूल प्रबंधन द्वारा दी गई। इनमें से 145 आवेदन पात्र पाए गए। इन्ही आवेदनों की लाटरी निकाली गई, जिसमें बालोद, राजनांदगांव व अन्य जिले के बच्चे भी चयनित हुए।  

लाटरी के दिन हाल में स्कूल स्टाफ की मौजूदगी में पालकों को जानकारी दी गई कि 10 सीट वीआईपी कोटे का है। मौके पर मौजूद पालक ने यह भी बताया कि कितने सीट किस वीआईपी का है इससे पालक भडक़ गए। जबकि रिक्त 10 सीट सही मायने में महतारी-दुलारी योजना के बच्चों के लिए आरक्षित रखी गई है।  

जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने बताया कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नगपुरा में क्लास-1 में प्रवेश के लिए निकाली गई लाटरी में प्रथम दृष्टिया अनियमितता पाई गई है, जिसका उल्लेख जांच अधिकारी के प्रतिवेदन में है। इसे देखते हुए वहां नए सिरे से नियमानुसार लाटरी निकाली जाएगी।


अन्य पोस्ट