दुर्ग
नए एसपी की घोषणा से खुशी की लहर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 मई। दुर्ग के नए एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने जिले के पुलिस कर्मियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कल जनरल परेड में जिले में साप्ताहिक अवकाश की घोषणा की। अब जिले के सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश मिलना शुरू हो जाएगा।
गौरतलब हो कि शुक्रवार को रक्षित केंद्र दुर्ग में एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने जनरल परेड की सलामी ली और परेड में सम्मिलित अधिकारी- कर्मचारियों के वेशभूषा का निरीक्षण किया। उन्होंने बेहतर वेशभूषा धारण करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया।
एसपी ने कहा कि सभी निर्धारित वेशभूषा ही धारण करें, इससे पुलिस की छवि अच्छी बनती है। उन्होंने वाहनों का भी निरीक्षण किया। भारी वाहनों के रखरखाव का जायजा लेने के बाद रक्षित केंद्र स्थित आम्र्स शाखा देखने गए। इस दौरान आम्र्स एम्युनेशन के रखरखाव एवं सुरक्षा के प्रति सजग एवं सतर्क रहने के निर्देश दिए। प्रशिक्षु आईपीएस वैभव बैंकर रमनलाल, एएसपी ग्रामीण अनंत साहू सहित समस्त थाना प्रभारी मौजूद रहे। जनरल परेड में उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों ने एसपी से उन्हें रिस्पांस भत्ता देने, शासकीय आवास गृह और बैंक से लोन दिलाए जाने की मांग की।
उन्होंने साप्ताहिक अवकाश के लिए भी बात रखी। एसपी ने उनकी सभी मांगों पर विचार करने की बात कही। साथ ही साप्ताहिक अवकाश दिए जाने की वहीं पर घोषणा भी कर दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी पुलिस कर्मियों साप्ताहिक अवकाश दिया जाना है। उन्होंने इसे लेकर कल शाम को आदेश भी जारी कर दिया है जिससे पुलिस विभाग में हर्ष व्याप्त है।