दुर्ग

सभी वार्डों में नागरिकों को पर्याप्त पानी मिलने की व्यवस्था करें- वोरा
06-May-2022 2:39 PM
सभी वार्डों में नागरिकों को पर्याप्त पानी मिलने की व्यवस्था करें- वोरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 मई। 
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा सुबह 6 बजे से पानी सप्लाई का हाल जानने वार्डों का दौरा करने निकल पड़े। उन्होंने वार्ड 17, वार्ड 18, वार्ड 1, वार्ड 2, वार्ड 3, वार्ड 4 का सघन दौरा किया। वोरा ने इन वार्डों में लोगों से पानी प्रेशर की जानकारी ली। नागरिकों ने बताया कि सब जगह नल से पानी मिल रहा है। कुछ स्थानों पर पानी का प्रेशर कम होने की जानकारी मिली। वोरा ने साथ चल रहे अफसरों से साफ कहा कि कहीं भी पानी के प्रेशर की शिकायत नहीं होनी चाहिए। सभी वार्डों में नागरिकों को पर्याप्त पानी मिलने की व्यवस्था करें। पानी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।

वोरा ने आज जल कार्य प्रभारी संजय कोहले, पूर्व जलकार्य प्रभारी देवनारायण चंद्राकर, पार्षद निर्मला साहू, दिनेश देवांगन, विजयंत पटेल, पप्पू श्रीवास्तव के साथ अलग-अलग वार्डों का दौरा किया। वोरा ने स्पष्ट हिदायत देते हुए निगम अफसरों से कहा है कि दुर्ग शहर के सभी वार्डों में भरपूर पानी मिलना चाहिए। उन्होंने कमिश्नर से कहा है कि अमृत मिशन और जल कार्य विभाग के अफसरों की मीटिंग लेकर वार्डों में पर्याप्त पानी सप्लाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कहीं भी पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। इस मामले में राजनीति करने वालों को नसीहत देते हुए वोरा ने कहा कि पानी के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए।


अन्य पोस्ट