दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 30 अप्रैल । विधायक व प्रदेश गृह व लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू के अनुशंसा से ग्राम अण्डा शीतला तालाब से द्वारिकाडीह, जिला बालोद सीमा तक 1.7 किलोमीटर के लिए लगभग 6 करोड़ 30 लाख की राशि स्वीकृति की है जिसका भूमिपूजन समारोह में, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जितेंद्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव दुर्ग जनपद के अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, दुर्ग ग्रामीण के विधायक प्रतिनिधि केशव बंटी हरमुख, अण्डा सरपंच उमा देवी चंद्राकर की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की सरकार बनी है, तबसे सतत विकास कार्य अनवरत जारी है, इसी क्रम में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में ताम्रध्वज साहू के नेतृत्व में भी विकास कार्यों जो अविरल धारा बह रही है, वह अब धरातल पर नजर आ रहा है। क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक ताम्रध्वज साहू ने अंडा गांव व आसपास के ग्रामीणों को बहुप्रतीक्षित मांग को स्वीकृति करते हुए अण्डा गांव शीतला तालाब से द्वारकाडीह, जि़ला बालोद सीमा तक 1.7 किलोमीटर के लिए लगभग 6 करोड़ 30 लाख की राशि स्वीकृति दी, जिसका भूमिपूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जितेंद्र साहू, दुर्ग जनपद अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, दुर्ग ग्रामीण के नवनियुक्त विधायक प्रतिनिधि केशव बंटी हरमुख, अण्डा सरपंच उमा देवी चंद्राकर, जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष पूकेश चंद्राकर, जनपद सदस्य मनीष चंद्राकर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नंद कुमार सेन , उपसरपंच अमित चंद्राकर , उतई नगर पंचायत अध्यक्ष डिकेंद्र हिरवानी, पार्षद तोषण साहू , पंच हेमंत जोशी के के चन्द्राकर, जयराम चन्द्राकर, राधेश्याम चन्द्राकर, की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए क्षेत्र के गणमान्य लोगों को दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव द्वारा पुस्तिका की श्रृंखला भी भेंट की गई। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जितेंद्र साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की सरकार को आम जनता ने नेतृत्व प्रदान किया है तब से विकास कार्यों को गति मिली है वह आगे भी इसी क्रम में जारी रहेगा। सरकार बनने के बाद 1 वर्ष स्थानीय चुनावो और 2 वर्ष कोरोना काल के बाद भी क्षेत्र के मुखिया ताम्रध्वज साहू ने विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी। बालोद मुख्य मार्ग में मिनी माता चौक दुर्ग से अण्डा तक बन रहा सडक़ हमारा ड्रीम प्रोजेक्ट हैं, इसके पूर्ण होने से हमारा दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र विकास की नई गाथा लिखेगा।
दुर्ग ग्रामीण में तेजी से चल रहे विकास कार्यों के बारे में नवनियुक्त विधायक प्रतिनिधि व वरिष्ट कांग्रेस नेता केशव बंटी हरमुख ने कहा कि हमारी सरकार कृषि व किसानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी ग्रामीणों को दी और उसका लाभ उठाने उन्हें प्रेरित किया। क्षेत्र का विकास मेरी पहली प्राथमिकता है और इस प्राथमिकता को पूरा करने के लिए मैं पूरा प्रयास कर रहा हूं। आज लाखों रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इन विकास कार्यों का लाभ जल्द ही आम जनता को मिलेगा। गांव के अंतिम छोर के व्यक्ति को कांग्रेस की हर जनकल्याणकारी योजना का लाभ मिले इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य किया जा रहा है।
दुर्ग ग्रामीण के ग्राम अंडा के निवासी व जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष पुकेश चन्द्राकर ने इस बहुप्रतीक्षित मांग के पूर्ण होने पर प्रदेश की भुपेश बघेल सरकार व क्षेत्र के विधायक ताम्रध्वज साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार ग्राम में विकास हो रहा है।