दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 30 अप्रैल। दोस्तों के साथ गुटखा खरीदने पॉवर हाउस रेलवे स्टेशन के पास गए युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और दुकान संचालक के बीच जमकर मारपीट हुई। दुकान संचालक ने पुलिस को बताया कि कांग्रेस का यह युवा नेता दुकान में आकर शिवसेना नेता धनंजय सिंह परिहार के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर रहा था, आपत्ति जताने पर मारपीट शुरू कर दी। छावनी पुलिस ने इस मामले में काउंटर रिपोर्ट दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
छावनी पुलिस के अनुसार कैम्प 2 मिलन चौक निवासी शिवराम केशरवानी (61 वर्ष) कल शाम अपनी डेली नीड्स दुकान रेल्वे स्टेशन के पास अपने पुत्र आकाश के साथ व्यवसाय कर रहे थे, तभी युवा कांग्रेस से प्रदेश महासचिव रौनक सचदेव (28 वर्ष), एस राज सिंह दुकान पर गुटखा लेने पहुंचे और शिसे नेता व छग प्रमुख धनंजय सिंह परिहार को गाली देने लगे।
शिवराम को बुरा लगा तो उन्होंने आपत्ति की। गाली देने से मना किया तो विवाद बढा़ और युकां नेता ने मारपीट शुरू कर दी। शिवराम पर हमला देख आकाश भी मारपीट करने लगा। धनराज कुर्रे, शशिकांत, संदीप कोंडल, दीपक कुमार ने बीचबचाव किया।
युकां नेता का आरोप है कि शिवराम केसरवानी ने उसे गाली दी है। शिवराम की रिपोर्ट पर रौनक सचदेव, एस राज सिंह उर्फ सन्नी के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 तथा रौनक की रिपोर्ट पर शिवराम व आकाश के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506बी के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।