दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 28 अप्रैल। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग, नई दिल्ली द्वारा किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी कैम्पेन के अंतर्गत प्राकृतिक खेती बढ़ावा देने हेतु कृषि विज्ञान केन्द्र, पाहंदा (अ) में एक दिवसीय किसान मेला सह प्रदर्शनी एवं कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा का आयोजन आत्मा योजना अंतर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र, पाहंदा (अ) के परिसर में किया गया।
इस मेला सह प्रदर्शनी व कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा में जिले के लगभग 200 कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विजय बघेल, सांसद, दुर्ग लोकसभा उपस्थित रहे, साथ ही हर्षा लोकमनी चंद्राकर, सदस्य जिला पंचायत दुर्ग, घनश्याम कौशिक, सदस्य जनपद पंचायत पाटन, दुर्ग तथा ग्राम पाहदा (अ) दुर्ग के सरपंच मोहन लाल साहू एवं उप सरपंच सुरेन्द्र साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अतिथि आगमन के साथ ही अतिथियों द्वारा प्राकृतिक खेती पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र पाहंदा (अ) दुर्ग के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. विजय जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा रखी।
कार्यक्रम का शुरुआत आनलाइन प्रसारण के माध्यम से केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा संपूर्ण देश के विभिन्न जिलों में प्राकृतिक खेती कर रहे कृषकों के साथ संवाद से प्रारंभ हुआ। देश के विभिन्न जिलों के कृषकों द्वारा लागत कम करते हुए सफल प्राकृतिक खेती द्वारा आय बढाने की जानकारी साझा किया गया। केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा देश के कृषकों से कृषि में लागत को कम करने तथा स्वस्थ फसल उत्पादन हेतु आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल ने जिले के कृषकों को प्राकृतिक खेती में अपने स्वयं के कार्य अनुभव का महत्व को बताते हुए उसे अपनाने हेतु विशेष आग्रह किये, साथ ही स्वस्थ एवं रोगमुक्त जीवन के लिये प्राकृतिक खेती की आवश्यकता पर बल दिया। हर्षा लोकमनी चंद्राकर ने प्राकृतिक खेती हेतु जल एवं बीज संरक्षण के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कृषक श्याम बघेल एवं राजेश चंद्राकर द्वारा स्वयं के प्रक्षेत्र पर किये जा रहे प्राकृतिक खेती द्वारा धान, गेहूं, सब्जी आदि फसलों के सफल उत्पादन की जानकारी साझा किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक ललिता रामटेके द्वारा प्राकृतिक खेती के महत्व, ईश्वरी कुमार द्वारा जैविक फसलों में कीट व्याधि नियंत्रण, डॉ. कमल नारायण द्वारा प्राकृतिक विधि द्वारा सब्जियों की खेती एवं नीतू स्वर्णकार जैविक खाद निर्माण का जीवंत प्रदर्शन विषयों पर व्याख्यान दिया गया।
उक्त कार्यक्रम में कृषि विभाग से उप संचालक कृषि, जिला दुर्ग एस. एस. राजपूत, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पाटन, राजेन्द्र प्रसाद अपने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों सहित, उद्यानिकी विभाग से केएल साहू उद्यान अधीक्षक तथा गुलेरी जी ग्रामीण उद्यान अधिकारी, कैलास यादव, धर्मेंद्र कौशिक, शिवा साहू, ओमप्रकाश साहू, उपस्थित थे।