दुर्ग
पति पर अवैध संबंध का आरोप भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 अपै्रल। विवाह के दौरान नगदी रकम घरेलू सामान व जेवरात उपहार स्वरूप देने के बावजूद ससुराल वालों ने 10 लाख रुपए एवं कार की मांग को लेकर पीडि़ता को प्रताडि़त किया। इसके बाद ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया।
परेशान पीडि़ता ने इसकी शिकायत महिला थाना में दर्ज कराई है। महिला थाना पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ धारा 498 ए, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
बजरंग पारा कोहका निवासी पीडि़ता का विवाह शास्त्री चौक राजनांदगांव निवासी कृष्णा सिंह राजपूत के साथ 18 जून 2017 को सामाजिक रीति रिवाज के साथ संपन्न हुआ था। शादी में पीडि़ता के पिता ने सोने चांदी के आभूषण, घरेलू सामान, 80000 रुपए उपहार स्वरूप दिए थे। शादी के लगभग 4 माह तक ससुराल में सब ठीक रहा।
उसके बाद उसका पति कृष्णा सिंह राजपूत, ससुर, जेठ, जेठानी उसे कम दहेज लाने की बात को लेकर प्रताडि़त करने लगे और उसे अपने मायके से 10 लाख रुपए एवं कार लाने के लिए दबाव दिया जाने लगा। जब पीडि़ता ने रकम व कार लाने से इंकार किया तो ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद पुन: पीडि़ता अपने ससुराल आकर रहने लगी कि धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा।
कुछ दिनों बाद पीडि़ता को जानकारी मिली कि उसके पति का किसी और महिला से संबंध है। जब उसने पति से इस बारे में पूछा तो पीडि़ता से पुन: मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पीडि़ता 4 जनवरी 2022 से अपने मायके में रह रही है।