दुर्ग

अफसरों का दावा- जिले में मनरेगा कार्य शुरू
24-Apr-2022 2:42 PM
अफसरों का दावा- जिले में मनरेगा कार्य शुरू

हड़ताली कर्मचारियों ने कहा ऑनलाइन दिखाने प्रयास, कहीं नहीं चल रहा काम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 अपै्रल। 
पूरे प्रदेश भर में मनरेगा कर्मी 4 अप्रैल से नियमितीकरण की मांग को लेकर हड़ताल पर है। वहीं पंचायत विभाग के अधिकारियों ने हड़ताल के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में 1 मनरेगा के कार्य 2 दिन पहले फिर शुरू करने का दावा कर रहे हैं। उनके इस दावे को खारिज करते हुए हड़ताली मनरेगा कर्मियों ने कहा है कि ऑनलाइन लेबर दिखाने का प्रयास किया जा रहा किसी भी ग्राम पंचायत में काम नहीं चल रहा है। दूसरी ओर जो मस्टर रोल जनरेट किए गए है इनमें एक ग्राम पंचायत में मृत व्यक्तियों के नाम भी मस्टर रोल जारी होना बताया जा रहा है।  जिले के 48 ग्राम पंचायतों में आज की तिथि में 64 मस्टररोल जारी करना बताया जा रहा है। इन ग्राम पंचायतों में 2034 मनरेगा मजदूरों को काम पर लगना बताया गया है। आज जारी मास्टर रोल रिपोर्ट के अनुसार दुर्ग जनपद के ग्राम पंचायत खोपली में दो मस्टर रोल एवं पाटन विकासखंड के ग्राम कुर्मीगुंडरा में एक मास्टर रोल जारी करना बताया गया है।

दोनों ग्राम पंचायतों में 24-24 मजदूरों के नाम मस्टररोल जारी किए गए हैं। ग्राम पंचायत खोपली सरपंच प्रतिनिधि फत्तेलाल वर्मा का कहना है कि सरपंच की जानकारी के बिना ही बिना मांग के मस्टरोल जनरेट किया गया है जो मस्टररोल जनरेट किए गए हैं, इनमें दो मृत व्यक्तियों के भी नाम शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्राम में मनरेगा का कोई काम नहीं चल रहा है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत कुर्मी गुर्दा के सरपंच पार्वती ऑडी के अनुसार उनके ग्राम में जिन मजदूरों के नाम मस्टररोल जनरेट किया गया था इनमें से किसी भी ने आज कोई कार्य नहीं किया है। इधर मनरेगा अधिकारी कर्मचारियों का जिले में आज 20 वें दिन भी हड़ताल जारी रहा।

मनरेगा कर्मियों का कहना है कि उनके हड़ताल के चलते ग्रामीण मजदूरों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। मनरेगा कर्मी अपनी मांगों को लेकर उग्र आंदोलन करने के लिए तैयार है। फिर भी शासन प्रशासन उनकी मांगों की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। जनपदों में जबरदस्ती धड़ल्ले से मस्टर रोल निकाल रहे हैं, ताकि ऑनलाइन लेबर दिखे और काम चालू है, मगर सिर्फ कागज में लेबर है धरातल में कुछ भी नहीं है।
 


अन्य पोस्ट