दुर्ग
स्टेशन में बैठे यात्रियों से असुविधा की जानकारी ली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 अप्रैल। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल के स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को लेकर पैसेंजर एमेनिटीज कमेटी के अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा स्टेशन के सभी प्लेटफार्म की कैंटीन, वेटिंग हॉल, यात्रियों के बैठने, पानी की व्यवस्था आदि को देखा एवं यात्रियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना। स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक व तीन पर टूटे टाइल्स को देख उसे बदलने तथा कई जगह पंखे एवं बैठने की व्यवस्था कम होने को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों को दिए।
स्टेशन पर निहित यात्रियों की सुविधाओं का जायजा लेने पहुंची कमेटी में रामकुमार पाहन, विभाश्वनी अवस्थी तथा कैलाश लक्ष्मण वर्मा प्रमुख थे। वहीं रेलवे प्रशासन की ओर से अपर रेल मंडल प्रबंधक आशीष मिश्रा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विपिन वैष्णव सहित रायपुर रेल मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को लेकर निरीक्षण करने अधिकारियों व सदस्यों की टीम शाम 4 बजे पहुंची। आते ही टीम ने प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित स्टाल पर पहुंचकर सामान्य के एक्सपायरी डेट की जांच की।
क्वालिटी के बारे में पूछताछ की, बिल बुक को देखा सामान का वजन करवा कर जांच की। इसके बाद टीम लिस्ट से प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर पहुंचे, यहां पर यात्रियों से उन्हें हो रही परेशानी के बारे में पूछा। यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर सब व्यवस्था है, लेकिन प्लेटफार्म पर टीन का शेड होने के कारण गर्म बहुत हो रहा है। वहीं एक यात्री ने कहां की फूड स्टालों पर जिस कंपनी का सामान मांगों वह न देकर दूसरे कंपनी का सामान व खाने की वस्तु थमा दी जाती है। अच्छी कंपनी के खाने का सामान स्टाल पर नहीं मिलता है। कुछ यात्रियों ने कहा कि वह हमेशा आना-जाना करते हैं।
बैठने की व्यवस्था कम है कुर्सियों की सं या बढ़ाई जानी चाहिए। इसके बाद कमेटी के सदस्यों ने कैंटीन, टी स्टाल मिस्टिंग सिस्टम, पीने के पानी की व्यवस्था स्टेशन पर दिव्यांगों को दी जा रही सुविधाएं आदि व्यवस्था की जानकारी ली। यात्री प्रतीक्षालय में साफ सफाई की व्यवस्था को देखा।
यात्री सुविधा समिति की टीम में छत्तीसगढ़ से शामिल सदस्य विभाश्वनी अवस्थी ने कहा कि यहां पर यात्रियों से मुलाकात की गई है। लगभग सभी यात्री यहां की व्यवस्था से संतुष्ट हैं। छोटी मोटी समस्या है जिसे दूर करने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
स्टेशन पर साफ सफाई की व्यवस्था अच्छी है। यात्रियों के लिए ठंडा पानी व सामान्य पानी की व्यवस्था है। एस्केलेटर लगाए जाने के लिए प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जीआरपी कार्यालय के सामने जल्द ही एक और एस्केलेटर लगाए जाएगा।