दुर्ग

भिलाई के कारोबारी से बेंगलुरु की कंपनी ने बायो डीग्रेडेबल बैग मशीन के नाम पर की 64 लाख की ठगी
22-Apr-2022 2:22 PM
 भिलाई के कारोबारी से बेंगलुरु की कंपनी ने बायो डीग्रेडेबल बैग मशीन के नाम पर की 64 लाख की ठगी

डॉयरेक्टरों के खिलाफ जुर्म दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 अप्रैल।
बायो डीग्रेडेबल बैग मशीन के लिए भिलाई-3 के व्यवसायी से 64 लाख लेने के बाद भी जब कम्पनी ने मशीन नहीं भेजी तो शिकायती जांच के बाद पुरानी भिलाई पुलिस ने एन्वीग्रीन बायोटेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बेंगलुरु के डायरेक्टर अश्वथ हेगडे एवं अक्षत हेगडे के खिलाफ धारा 409 और 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। उमदा रोड स्थित ग्रीन विजन इण्डस्ट्रीज के संचालक 42 वर्षीय पी. वेणुगोपाल इस चार सौ बीसी के शिकार हुए हैं।

पुरानी भिलाई थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने बताया कि एन्वीग्रीन बायोटेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड डायरेक्टर अश्वथ हेगडे एवं अक्षथा हेगडे द्वारा 64 लाख की ठगी किए जाने के संबंध में शिकायत मिली थी। पी. वेणुगोपाल एवं उनके साथियों ने मिलकर एक भागीदारी फर्म ग्रीन विजन इण्डस्ट्रीज की स्थापना की थी। एन्वीग्रीन बायोटेक इंडिया द्वारा बायो डीग्रेडेबल बैग निर्माण की मशीन उपलब्ध कराने एवं उस मशीन को स्थापित कर व्यापार करने का प्रस्ताव दिया गया। जिसे इन्होंने स्वीकार किया तथा उक्त व्यापार को प्रारंभ करने के संबंध में एन्वीग्रीन बायोटेक के डायरेक्टर अश्वथ हेगडे एवं अक्षत हेगडे द्वारा निर्माण हेतु मशीनरी का कुल मूल्य 80 लाख 24 हजार निर्धारित किया गया।

एन्वीग्रीन बायोटेक के डायरेक्टरों द्वारा जल्द से जल्द मशीन प्रदान करने का आश्वासन देकर 60 लाख रूपये लिया गया, परंतु मशीन नहीं दी गई। एन्वीग्रीन बायोटेक डायरेक्टरों द्वारा पुन: 1 सितंबर 2021 को छल पूर्वक रकम हड़पने के लिए मशीन का एक पार्ट स्क्रू बैरल विदेश से मंगाने एवं डिलीवरी हेतु कस्टम ड्यूटी भुगतान के लिए और 4 लाख रूपये लिए गए।

64 लाख लेने के बाद भी सितम्बर एवं अक्टूबर में एन्वीग्रीन बायोटेक डायरेक्टरों द्वारा मशीनरी सप्लाई नहीं की गई। एक अन्य भागीदार द्वारा 25 अक्टूबर 2021 को व्यक्तिगत रूप से बेंगलुरु जाकर एन्वीग्रीन बायोटेक के डायरेक्टरों से संपर्क किया गया तो उसे विश्वास में लेने के लिए एक पूरक अनुबंध 26 अक्टूबर 2021 को निष्पादित किया गया। एक दिसंबर 2021 तक मशीनरी उपलब्ध कराकर मशीनरी स्थापित कर उसका ट्रायल नहीं किये जाने की स्थिति में रकम वापसी हेतु 64 लाख का चेक प्रदान किया गया। जिसके बाउंस होने की सूचना देने पर उनके द्वारा मशीन देने या रकम वापस करने से इंकार कर दिया गया।
 


अन्य पोस्ट