दुर्ग

भिलाई-चरोदा के ग्रामीण वार्डों में बिखरेगी विकास की रौशनी
18-Apr-2022 3:25 PM
भिलाई-चरोदा के ग्रामीण वार्डों में बिखरेगी विकास की रौशनी

महापौर ने नारियल फोडक़र दी निर्माण कार्यों को गति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 अप्रैल।
भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र के ग्रामीण वार्डों में शहर के अनुरूप विकास की रौशनी बिखरेगी। महापौर निर्मल कोसरे ने पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोडक़र निर्माण कार्यों को गति प्रदान की है। इसके साथ ही निगम के पांच ग्रामीण वार्ड में सडक़, नाली सहित विकास के कई बहुप्रतीक्षित सपने को शीघ्र ही साकार रूप मिल जाएगा।

 महापौर निर्मल कोसरे लगातार वार्डों में जाकर निगम द्वारा कार्यादेश जारी हो चुके निर्माण कार्यों का शुभारंभ कर रहे हैं। उन्होंने लगातार तिसरे दिन क्षेत्र की जनता को करोड़ों की सौगात से नवाजा है। श्री कोसरे ने निगम के वार्ड 6 उमदा, वार्ड 4 जरवाय, वार्ड 2 हथखोज बस्ती, वार्ड 1 इंदिरा नगर हथखोज व वार्ड 30 उरला में विभिन्न विकास कार्यों को पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोडक़र गति प्रदान की।

 महापौर निर्मल कोसरे ने वार्ड 6 उमदा में ही 1 करोड़ 33 लाख 3 हजार रुपए से होने वाले आरसीसी सडक़, नाली, सुलभ शौचालय एवं पटेल भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसी तरह वार्ड 4 जरवाय में 19.85 लाख से आरसीसी सडक़,19.08 लाख से शीतला तालाब पचरीकरण, 9.87 लाख से आरसीसी नाली एवं 2 लाख की लागत से स्कूल भवन में डोम शेड निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया।

विकास कार्यों की इस श्रृंखला में महापौर ने वार्ड 2 हथखोज बस्ती में 18.60 लाख से आरसीसी सडक़ और 8 लाख से तालाब में पचरीकरण तथा वार्ड 1 इंदिरा नगर हथखोज में 19.74 लाख से आरसीसी सडक़ व 17.81 लाख रुपए से होने वाले आरसीसी नाली निर्माण कार्य चालू करवाया।

इसके बाद महापौर निर्मल कोसरे अपनी टीम के साथ वार्ड 30 उरला पहुंचे। यहां पर उन्होंने पूजा अर्चना कर 19.26 लाख से आरसीसी सडक़,19.44 लाख से आरसीसी सडक़ व नाली एवं 6.83 लाख रुपए से सतनाम भवन में बाउण्ड्रीवाल निर्माण शुरू कराया।

इस अवसर पर एमआईसी सदस्य मोहन साहू, ईश्वर साहू, दीप्ति वर्मा, पार्षद गण राकेश बंछोर, भूपेंद्र वर्मा, ठामेश्वरी साहू, हेमंत वर्मा गुलमोहर, टेनेन्द्र ठाकरे, ईश्वर साहू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज मढ़रिया, आशीष वर्मा, धनंजय मिश्रा, नोहर ठाकुर, कृष्णा वर्मा, सौरभ देवांगन, चैतराम साहू आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट