दुर्ग

173 झोपडिय़ां जलीं, सरकारी स्कूल में राहत शिविर
10-Apr-2022 12:48 PM
173 झोपडिय़ां जलीं, सरकारी स्कूल में राहत शिविर

सभी तस्वीरें / ‘छत्तीसगढ़’ / जय गोस्वामी


सीएम ने जताया दुख, कलेक्टर ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 अप्रैल।
दुर्ग जिले के फल मंडी पॉवर हाउस भिलाई नगर के पीछे खटीक बस्ती सूर्य नगर में लगी भीषण आगजनी में अभी तक 173 झोपडिय़ों के खाक होने की गिनती जिला प्रशासन के द्वारा की गई है।

शासकीय स्कूल पानी टंकी कैंप 2 में राहत शिविर लगाकर प्रभावितों के लिए रहने एवं भोजन की व्यवस्था निगम प्रशासन के द्वारा की गई है। इस आगजनी घटना पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा दुख व्यक्त कर जिलाधीश को राहत एवं घायलों के इलाज की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे के द्वारा इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।

शनिवार दोपहर करीब 3.30 बजे फल मंडी के पीछे स्थित खटीक बस्ती में भयानक आग लग गई थी। आग इतनी भयानक थी कि धीरे-धीरे पूरी बस्ती में फैल गई थी। अब तक जिला प्रशासन के द्वारा की गई गणना में 173 झोपडिय़ों के खाक होने की संख्या दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने बस्ती में लगी आग पर दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग जिले अंतर्गत भिलाई के फल मंडी पॉवर हाऊस के पीछे स्थित बस्ती में लगी आग की घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कलेक्टर डॉ. भूरे को घटना से प्रभावित घायलों के त्वरित तथा उचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए है।

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए कलेक्टर ने
खटीक बस्ती में हुई इस आगजनी की घटना के बाद कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे के द्वारा मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के पश्चात इस भीषण आगजनी की घटना का खुलासा हो पाएगा।

शासकीय स्कूल कैंप 2 में लगाया गया राहत शिविर
प्रभावित बस्ती के समीप ही शासकीय स्कूल पानी टंकी कैंप 2 में निगम प्रशासन के द्वारा राहत शिविर लगाया गया है इस शासकीय स्कूल में ही सभी पीडि़त एवं प्रभावितों के रहने की व्यवस्था की गई है। साथ ही उनके लिए  भोजन भी उसी स्कूल मैदान में ही तैयार कर परोसा जा रहा है । कपड़े एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था भी की गई है । ताकि प्रभावितों को राहत मिल सके।

भाजपा कार्यसमिति सदस्य पांडेय ने की न्यायिक जांच की मांग
पॉवर हाउस फल मंडी के पीछे बस्ती में आगजनी की घटना हुई है, इसका जायजा लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्य में सदस्य प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश पांडेय ने भी घटना स्थल का दौरा किया।

 राकेश पांडे ने कहा कि यह एक हृदय विदारक घटना है, जिससे कुछ घंटों के अंदर में ही सैकड़ो परिवार घर से बेघर हो गए। राकेश ने शासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ समय पहले ही वहां के रहवासियों को जगह खाली करने का नोटिस दिया गया था। उसके उपरांत इस तरह के घटना का हो जाना एक षड्यंत्र के रूप में इशारा करता है।

उन्होंने आगे बताया कि इस घटना में बेघर हो चुके लोगों के लिए उनके एवं भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला के द्वारा खाने पीने की व्यवस्था एवं रहने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय के द्वारा दिल्ली से दूरभाष के माध्यम से दुर्ग के कलेक्टर से चर्चा की गई है और उनके द्वारा इस घटना की विस्तृत जानकारी मांगी गई है।

राकेश पांडे ने कहा कि बस्ती के लोगों को जो हानि या क्षति हुई है, उसके नुकसान की भरपाई के लिए भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं, यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिस पर मैं अपनी संवेदनाएं एवं दुख प्रकट करता हूं और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार से मांग करता हूं कि इस घटना की निष्पक्ष न्यायिक जांच करवाई जाए।


अन्य पोस्ट