दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 अप्रैल। आगामी खरीफ सीजन के लिए यदि खाद का अग्रिम उठाव नहीं किया गया तो खाद को लेकर दिक्कत हो सकती है। बताया जाता है कि खाद की आपूर्ति अभी तक नियमित नहीं हो पाई है। दुर्ग जिले में वर्तमान में 9 हजार से अधिक का आरओ लंबित है।
जानकारी के मुताबिक आगामी खरीफ सीजन के लिए खाद का अग्रिम उठाव 1 फरवरी से शुरू हो गया है जिले में अग्रिम उठाव योजना के तहत विभिन्न प्रकार के खाद का 8117 मीट्रिक टन भण्डारण हो चुका है। इनमें किसानों द्वारा 2649 मीट्रिक टन का उठाव किया जा चुका है। मार्च की स्थिति में यूरिया खाद 4620, सुपर फास्फेट 1840, डीएपी 1360 एवं पोटाश का 297 टन अग्रिम भण्डारण किया गया है। इनमें से 1368 यूरिया, 232 सुपर फास्फेट, 813 डीएपी एवं 236 टन पोटाश का किसान उठाव कर चुके हैं। अग्रिम भंडारण के लिए विभिन्न प्रकार के खाद का कुल 9026 टन का आरओ लंबित है। यहां यह बताना लाजिमी है कि यूरिया खाद की संकट के चलते रबी सीजन में बहुत से किसान अपनी फसलों में अंतिम समय तक यूरिया का छिडक़ाव नहीं कर पाए। जिसकी वजह से अनेक किसानों को उपज प्रभावित होना पड़ा है। कई किसानों ने बाजार से मजबूरीवश दुगुने दाम पर यूरिया खरीद कर फसलों में छिडक़ाव किया। खरीफ सीजन के लिए अग्रिम उठाव योजना के तहत भी सभी प्रकार के खाद का समस्त सहकारी समितियों में पर्याप्त भण्डारण नहीं होने से भी किसानों को अलग-अलग खाद का उठाव करना पड़ सकता है।