दुर्ग

‘पारिजात से झरे फूल’ संदेश परक-कैलाश बनवासी
29-Mar-2022 7:32 PM
‘पारिजात से झरे फूल’ संदेश परक-कैलाश बनवासी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 मार्च। हिंदी साहित्य भारती दुर्ग इकाई के तत्वावधान में डॉ. दीक्षा चौबे द्वारा रचित कहानी संग्रह  ‘पारिजात से झरे फूल ’ का विमोचन  वरिष्ठ कथाकार गुलवीर भाटिया और बलदाऊ राम साहू के करकमलों से किया गया। विमोचन कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर के व्यंग्यकार राजशेखर चौबे, मुख्य अतिथि यातलब्ध समीक्षक कैलाश बनवासी व डॉ. हंसा शुक्ला द्वारा की गई। तत्पश्चात मंचस्थ अतिथियों का स्वागत कर उनके द्वारा  ‘पारिजात से झरे फूल ’ पुस्तक का विमोचन किया गया।

लेखिका डॉ. दीक्षा चौबे ने अपने आत्मकथ्य में कहा कि यह पुस्तक स्त्री विमर्श पर केन्द्रित है। स्त्री ही स्त्री की पीड़ा को भलीभांति समझ सकती है। उन्होंने कहा कि पुस्तक की कहानियां हमारे आसपास की घटनाओं से संबंधित है। समीक्षा करते हुए कथाकार कैलाश बनवासी ने निरपेक्ष भाव से समीक्षा की। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कहानी का स्वरूप संदेशपरक है लेकिन  शिल्प को और समर्थ करने की आवश्यकता है।

 हिंदी साहित्य भारती दुर्ग इकाई की अध्यक्ष डॉ. हंसा शुक्ला ने समीक्षा करते हुए कहा कि पुस्तक की कहानियां सहज और रोचक है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर से आए व्यंग्यकार राजशेखर चौबे कहा कि डॉ. दीक्षा चौबे का कहानी के क्षेत्र में उपस्थिति कथा साहित्य को समृद्ध करेगी।

 अध्यक्ष की आसंदी से विचार रखते हुए हिंदी साहित्य भारती के प्रांतीय अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू ने लेखिका बधाई देते हुए कहा साहित्य सृजन  सदैव से सोद्देश्य रहा है। रचनाकार निश्चय उद्देश्यों के तहत अपने विचारों को समाज के समक्ष रखता है और समाज को शिक्षित करता है या दिशा निर्देश करता है।

 मुख्य अतिथि गुलबीर सिंह भाटिया  ने कहा कि दीक्षा की कहानियों में भावनात्मकता और मार्मिकता के पक्ष उभर कर आया है। उन्होंने लेखिका का ध्यान इसके कलात्मक पक्ष की ओर आकृष्ट कराया। कार्यक्रम के संचालनकर्ता विक्रम सिंह ‘अपना’ ने सुमधुर स्वर में मां शारदे के भजन का भावपूर्ण गायन किया तथा आभार प्रदर्शन हिंदी साहित्य भारती के महामंत्री चंद्रकांत साहू ने किया।


अन्य पोस्ट