दुर्ग
दुर्ग, 21मार्च। मनरेगा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदेश भर में चल रहे कार्यों में लाखों श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है। दुर्ग जिले में भी 50,000 से अधिक मनरेगा श्रमिकों को योजना के तहत रोजगार मिल रहा है, मगर उक्त योजना के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मनरेगा कर्मियों का वेतन विगत 4 माह से अटका हुआ है। त्योहार के मौके पर भी मनरेगा कर्मियों को वेतन नहीं मिला।
इससे आक्रोशित मनरेगा कर्मी अब आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक राज्य में मनरेगा में लगभग साढ़े बारह हजार मनरेगा कर्मी हैं, जो वर्षों से कार्यरत हैं। उनका कहना है कि योजना के क्रियान्वयन में दिन-रात मेहनत करने वाले कार्मिकों को बीते 4 महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। संविदा में कार्यरत मनरेगा कर्मियों के वेतन के लिए भारत सरकार द्वारा लंबे समय से राशि जारी नहीं की गई है। मनरेगा कर्मी पिछले कुछ महीनों से बिना वेतन के ही काम करने को मजबूर हैं।
उनका पिछले तीन-चार वर्षों से वेतन भी नहीं बढ़ा है। वे लंबे समय से अपने मानदेय के पुनरीक्षण की बाट जोह रहे हैं। चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें जीवन यापन और अपने पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की स्कूल की फीस, मकान का किराया, घर का राशन, कार्यालय आने-जाने जैसे जरूरी खर्च उठाने में भी उन्हें बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सभी स्तर पर दरवाजा खटखटाने के बाद अब वे हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। पिछले दिनों मामले में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर आंदोलन करने के बावजूद भी उनकी समस्या की ओर किसी ने सुध नहीं ली। मनरेगा के अंतर्गत प्रदेश में संविदा पर विकासखण्ड स्तर पर 131 कार्यक्रम अधिकारी, 1454 तकनीकी सहायक और ग्राम पंचायतों में 9240 ग्राम रोजगार सहायकों के साथ ही जिला स्तर पर सहायक परियोजना अधिकारी, समन्वयक (शिकायत निवारण), सहायक प्रचार-प्रसार अधिकारी तथा जिला और जनपद में लिपिकों व लेखपालों सहित कुल 12 हजार 488 लोग काम कर रहे हैं।