दुर्ग

कार पेड़ से टकराई, शिक्षिका की मौत, भतीजा गंभीर
20-Mar-2022 3:46 PM
कार पेड़ से टकराई, शिक्षिका की मौत, भतीजा गंभीर

कुत्ते को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हुई थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 मार्च।
आज बालोद रोड पर भतीजे को साथ लेकर जा रही स्कूल शिक्षिका की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल है। उसे जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया। इसके बाद हालत गंभीर देख रायपुर भेज दिया गया है। यह घटना अंडा थाना क्षेत्र की है, मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-1 सडक़ 12 निवासी एनी सीमा सिंह (54 वर्ष) बालोद के सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। होली की छुट्टी के बाद वह भतीजे मनीष सैम्युअल (36 वर्ष) को लेकर कार सीजी 07 बीजेड 7087 से बालोद जा रही थीं। जैसे ही अंडा थाने से आगे पहुंची, उनकी कार के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार किनारे लगे बड़े पेड़ से जा टकराई। अधिक स्पीड में कार टकराने से उसके परखच्चे उड़ गए।

कार में बैठी सीमा सिंह को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। मनीष को तुरंत दुर्ग अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर किया है। रायपुर में घायल मनीष का इलाज चल रहा है।

अंडा पुलिस ने बताया सडक़ पर अचानक आए कुत्ते के कारण यह हादसा हुआ है। घटनास्थल से क्षतिग्रस्त कार को लाया गया है।


अन्य पोस्ट