दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 मार्च। दुर्ग पुलिस नारकोटिक्स सेल ने आज नशीली दवाओं का जखीरा बरामद किया है। थाना खुर्सीपार, नारकोटिक्स टीम एवं सिविल टीम ने यह संयुक्त कार्रवाई की है। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग करीब 67 हजार 56 नशीले टेबलेट एवं कैप्सूल कीमती 30 लाख रुपए व बिक्री रकम करीब 24 हजार रूपये जब्त किया गया है। मामले में मेडिकल संचालक, एक महिला सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग बद्रीनारायण मीणा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अवैध नशीली गोलियों की खरीदी बिक्री की सूचना नारकोटिक्स टीम को प्राप्त हुई थी। थाना प्रभाग खुर्सीपार निरीक्षक दुर्गेश शर्मा, निरीक्षक गौरव तिवारी नारकोटिक्स सेल, सिविल टीम, सायबर सेल को जानकारी मिली कि कल रात करीब 8 बजे न्यू खुसीपार स्थित श्याम मेडिकल स्टोर का संचालक अजय अग्रवाल कुछ लोगों को अवैध रूप से नशीले टेबलेट एवं कैप्सूल बिक्री करने हेतु देने के लिए मेडिकल स्टोर के पास बुलाया है।
सूचना पर टीम द्वारा पहले से निधारित खरीदी बिक्री के संभावित स्थान न्यू खुर्सीपार स्थित श्याम मेडिकल स्टोर के आस-पास के दुकानों की आड़ में सादी वर्दी में टीम के अधिकारी/कर्मचारी अपनी पहचान छिपाकर बैठे हुये थे कि तभी साढ़े 8 बजे एक रेड ब्लैक कलर की बाइक क्रमांक सीजी 07 एटी 4209 पर सवार दो व्यक्ति वहाँ आये और एक महिला भी चुनरी से अपना मुंह बांधे हुए पहुंच।
मेडिकल स्टोर का संचालक अपनी दुकान से बारी-बारी से 4 कार्टून दुकान से बाहर निकाला और मोटर सायकल में आए हुए दोनों युवक तथा महिला को कार्टून में रखे नशीले टेबलेट व कैप्सूल के डिब्बे दिए व बदले में पैसा भी लिया। इसी दौरान आस-पास उपस्थित पुलिस टीम के द्वारा घेराबंदी कर नशीले टेबलेट एवं कैप्सूल की भारी मात्रा में खरीदी बिक्री करते हुये मेडिकल स्टोर श्याम संचालक अजय अग्रवाल, मोटर सायकल में आए हुए जवाहर नगर भिलाई निवासी राकेश वर्मा व स्टेशन मरोदा निवासी जग्गु उर्फ जागेश्वर निषाद एवं कृष्णा नगर सुपेला निवासी महिला शफक बानो को पकड़ा गया।
मौके पर टीम द्वारा आरोपियों की तलाशी की गई। पृथक-पृथक 67 हजार 56 नग नशीले टेबलेट एवं कैप्सूल व खरीदी बिक्री की नगदी रकम 24 हजार रूपये बरामद हुई।
आरोपी श्याम मेडिकल स्टोर का संचालक अजय अग्रवाल (33 वर्ष) निवासी मेन मार्केट न्यू खुर्सीपार से पूछताछ करने पर बताया कि कुछ माह पूर्व से रायपुर निवासी मेडिकल रिप्रेजेन्टेटीव नितिन सिम्मी के साथ जान-पहचान हो गई थी।
मेडिकल स्टोर पर मार्केटिंग के लिये आना जाना करना जिसके द्वारा प्रतिबंधित नशीली दवाईयाँ उपलब्ध करा देना बताया था। जान पहचान के एक मेडिकल सेल्समेन राकेश वर्मा के द्वारा प्रतिबंधित नशीली दवाईयों की बिक्री करने के लिये मांगा भी गया था। जिससे लालच में आकर अपने परीचित दवा प्रतिनिधि नितिन सिम्मी के माध्यम से उसके द्वारा बताये गये व्यक्ति से संपर्क कर उपलब्ध कराये गये खाते में ऑन लाईन पेमेन्ट कर रायपुर के कोरियर के माध्यम से नशीली टेबलेट एवं कैप्सूल मंगवा कर बिना किसी डॉक्टरी पर्ची के विक्रय करना बताया। जिससे आरोपी दवा प्रतिनिधि नितिन सिम्मी को भी ओम सोसायटी सुन्दर नगर रायपुर से गिरफ्तार किया गया है।
नशीली दवाईयों के स्त्रोत के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस की प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश वर्मा (27) जवाहर नगर, वैशालीनगर, जिला दुर्ग, जम्मू उर्फ जागेश्वर निषाद (26) स्टेशन मरोदा थाना नेवई, अजय अग्रवाल (33) न्यू खुर्सीपार, जोन-3, भिलाई, शफक बानो (20) कृष्णा नगर सुपेला, नितिन सिम्मी ओम सोसायटी रायपुर शामिल हैं।