दुर्ग
नाच-गानों से बना फागुन का माहौल, भाजपा नेता -कारोबारी भी शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 मार्च। राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय ने नेहरू नगर के एक होटल में होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में शहर के समाजसेवी, बिजनेसमैन, डॉक्टर्स व अन्य बड़ी हस्तियों सहित राज्य भर से बड़े भाजपा नेता व पूर्व मंत्री पहुंचे। कार्यक्रम में सांसद सरोज पाण्डेय भी थिरकीं। उनके साथ अन्य लोगों ने भी डांस किया।
यह होली मिलन समारोह दो हिस्सों में आयोजित किया गया था। पहला कार्यक्रम दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया। दूसरा कार्यक्रम शाम 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित किया गया। पहले हिस्से में शहर के डॉक्टर, समाजसेवी, बिजनेसमैन और मीडिया पर्सन सहित अन्य लोग शामिल हुए। दूसरे पार्ट के कार्यक्रम में भाजपा के कई बड़े नेता सहित पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, हर्षिता पाण्डेय और महिला मोर्चा की अधिकतर पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी अतिथियों को सांसद पाण्डेय ने न सिर्फ नचाया बल्कि खुद उनके साथ नाचीं। कार्यक्रम के दौरान सरोज पाण्डेय ने हर एक आगंतुक का स्वागत भी किया।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सुभाष शर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल के चलते यह होली मिलन समारोह तीन सालों तक नहीं किया गया। अब जब कोरोना की लहर जा चुकी है तो फिर से इसे आयोजित किया जा रहा है। सांसद का होली मिलन समारोह काफी भव्य रहा। इसकी सबसे खास बात यह रही कि यहां फूलों की होली खेली गई। गुलाब की पंखुडिय़ों से खेले गए इस होली मिलन समारोह की सभी ने तारीफ की।
कार्यक्रम के रंग को और बढ़ाने के लिए ठंडाई की विशेष रूप से व्यवस्था की गई थी। लोग भांग के डर से ठंडई पीने से न डरें , इसके लिए बाकायदा संदेश लिखा गया था कि इसमें कोई भी नशीला पदार्थ नहीं मिलाया गया है। यह संदेश पढऩे के लोगों ने ठंडाई का जमकर आनंद लिया।