दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 मार्च। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में देर रात कुछ आरोपियों ने जमकर उत्पात मचाया है। शिकायत की गई है कि एनएसपीसीएल मार्ग में खड़े सात कैप्सूल वाहनों के ड्राइवर को इन्होंने न सिर्फ मारा पीटा, बल्कि वाहनों के शीशे तोड़े और उन्हें लूट लिया है। आरोपी तीन बार घटनास्थल पर पहुंचे और मारपीट कर तोडफ़ोड़ की। इसके बाद कैप्सूल वाहन के चालकों ने थाना में आकर मामले की शिकायत की है। इस मामले में जांच के बाद ही पुलिस ने एफआईआर करने का आश्वासन उन्हें दिया है।
पीडि़त ड्रायवर रामाराव कलेश यादव ने पुलिस को बताया कि बुधवार-गुरूवार की रात सात कैप्सूल वाहन एनएसपीसीएल मार्ग में खड़े थे। एक काले रंग की कार से आरोपी पहुंचे। उनके हाथ में डंडा और तलवारें थी। उन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए वाहनों में तोडफ़ोड़ की। उन्होंने गाडिय़ों की लाइट और शीशे तोड़ दिए। इसके बाद वे चले गए। इस घटना से ड्राइवर काफी डरे हुए थे।
इसके बाद रात 12:30 बजे फिर से उसी एक्सयूवी वाहन में गुंडे आए और ड्राइवरों के साथ मारपीट व तोडफ़ोड़ की। इस बार उन्होंने ट्रकों की तलाशी ली और एक ड्राइवर से 12 हजार और एक से 3200 रुपए लूट लिए। इस घटना से ड्राइवर काफी डर गए थे और वह लोग थाने जाने के लिए सुबह का इंतजार करने लगे। इसी दौरान डेढ़ बजे तीसरी बार दो काले रंग की एक्सयूवी गाडिय़ां पहुंचीं।
इस बार लगभग एक दर्जन गुंडे थे। सभी ने अपना मुंह गमझे से बांधा हुआ था। इस बार एक गुंडे के हाथ में पिस्टल थी। उसने एक ड्राइवर के कनपटी में पिस्टल तानी तो सभी ड्राइवर वहां से भाग गए। इसके बाद गुंडों ने लगभग 2-3 कैप्सूल वाहनों के टायर को फाड़ दिया। लगभग एक घंटे तक गाली गलौज तोडफ़ोड़ करने के बाद सभी वहां से चले गए। तीसरी बार घटना होने के दौरान चालक व परिचालक इतने डर गए थे, वे लोग घटना स्थल से भाग खड़े हुए। इसके बाद वह कुछ दूर जाकर एक पुलिया के नीचे जा छिपे। वहां से वह अपनी गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ होता देख रहे थे।
जब दोनों गाडिय़ां वहां से चली गईं तो लोग वहां से अपनी गाडिय़ों के पास पहुंचे। इसके बाद सभी ड्राइवर मिलकर पुरानी भिलाई थाना पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी।