दुर्ग

महिलाओं में शिक्षा व जागरूकता जरूरी-स्मिता
10-Mar-2022 5:13 PM
महिलाओं में शिक्षा व जागरूकता जरूरी-स्मिता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी, 10 मार्च । नगर पालिका परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 23 व 24 ग्राम जजंगीरी में अरपा परिक्षेत्र महिला स्व सहायता समूह के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।
 मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बेटी स्मिता बघेल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्व सहायता समूह प्रमुखों द्वारा पुष्पाहार से अतिथियों का स्वागत किया। महिला पार्षद नीतू रावते, जानकी ध्रुव, कुमारी बाई निषाद, अरुणा साहू पार्षद तथा नगर की अनेक समाजसेवी महिलाएं इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सम्मिलित हुई।

10 महिला स्व सहायता समूह ने अपने-अपने स्टॉल में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को सजा कर रखा, जिसका आनंद ग्रामवासियों ने तो लिया ही इसका अवलोकन करते हुए स्मिता बघेल ने प्रशंसा की। उन्होंनेे कहा कि इस प्रकार के आयोजन से महिलाओं में अपने कर्तव्य अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि स्त्री अपने घर परिवार का सम्मान करती है अपने परिवार के सभी सदस्यों की सेवा करती है उनके हर प्रकार के सुख-दुख में स्वयं को अग्रणी रखती है, बावजूद इसके कि वह स्वयं कमजोर होती चली जाती है, यहां तक कि रक्त के अभाव में एनीमिया जैसे रोग से ग्रसित भी हो जाती हैं, इसलिए इन सभी में शिक्षा का प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता जरूरी है ताकि ये स्वस्थ बनी रहे तो पूरा परिवार भी स्वस्थ  एवं प्रसन्न रहेगा महिला स्व सहायता समूह द्वारा मुख्य अतिथि से निवेदन स्वरूप कुछ मांगें रखी गई, विशेष रूप से स्वरोजगार योजना, प्रशिक्षण के अवसर सुलभ कराने। स्मृति बघेल ने आश्वासन दिया कि  मुख्यमंत्री कार्यालय में इस विषय पर चर्चा कर इसका मार्ग प्रशस्त करेंगी।

मुख्यमंत्री के ओएसडी मनीष बंछोर ने आयोजनकर्ता महिला स्व सहायता समूहों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस  की शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि स्व सहायता समूह को हर प्रकार से सहयोग किया जाएगा तथा उन्हें लाभकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

नगर पालिका कुम्हारी  के अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि  इस कार्यक्रम को महिलाओं ने अत्यंत ही उत्साह पूर्वक आयोजित कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है, वे बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर पार्षद  मनहरण यादव,  अशोक साहू  नीलेश साहू, सूरज कुर्रे एवं  लेखराम साहू सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे, साथ ही जंजगिरी तथा आसपास के रहवासी भी इस कार्यक्रम में एकत्र हुए, जिससे एक लघु मेले सा आयोजन बन गया था।


अन्य पोस्ट