दुर्ग
कचांदूर सरपंच ने जिला प्रशासन से की शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 फरवरी । शहरों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि की धड़ल्ले से अवैध प्लाटिंग की जा रही है। भू-माफिया किसानों को बयाना देकर उनकी जमीन की प्लॉटिंग कर रहे हैं। ऐसे मामले में खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ता है। ग्राम पंचायत कचांदूर सरपंच झामिन साहू व ग्रामीणों ने मामले में जिला प्रशासन से शिकायत की है।
शिकायतकर्ता ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम में अलग-अलग खसरे की कृषि जमीन को छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजित कर बेतरतीब ढंग से धड़ल्ले से अवैध प्लाटिंग की जा रही है। प्लाटिंग करने वालों ने इसके लिए न तो शासन से अनुमति ली है और नहीं उनके पास कॉलोनाइजर लाइसेंस है। प्लाटिंग के पूर्व टाउन एवं कंट्री प्लानिंग से भी अनुमति प्लाटिंग करने वालों के पास नहीं है, इससे कृषि भूमि को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
अवैध प्लाटिंग कर करोड़ों की कमाई कर शासन को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, वहीं इसकी वजह से आसपास गांव में कृषि का रकबा भी तेजी से घट रहा है। इस पर नियंत्रण के लिए कानून होने के बावजूद इसमें लगे लोग कृषि भूमि को हड़पने में लगे हैं।
जमीन दलाल एवं भू माफिया बाहर से आकर किसानों एवं ग्रामीणों से जमीन संबंधी अकारण विवाद भी पैदा कर रहे हैं। इसकी वजह से ग्राम की शांति भी भंग होने की संभावना बनी हुई है। जमीन दलाल किसानों को बयाना देकर उनकी जमीन के अवैध प्लाटिंग करते हैं, जिससे अवैध प्लाटिंग के मामले में ज्यादातर किसान ही फंस जाते हैं क्योंकि ऑन पेपर दलाल का नाम ही नहीं होता है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अवैध प्लाटिंग के लिए जमीन का सौदा जिनके माध्यम से किया जा रहा है, उस पर कठोर कार्रवाई की जाए।