दुर्ग
दुर्ग, 27 फरवरी । पुलिस विभाग के 2 आरक्षकों की शनिवार को मौत हो गई। एक आरक्षक लंबे समय से बीमार था। इलाज के दौरान उसने शनिवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि आयूसीएडब्ल्यू शाखा के आरक्षक पीयूष बैस की बाफना टोल प्लाजा के पास संदिग्ध अवस्था में लाश मिली है। जिस पर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस को सूचना मिली कि बाफना टोल प्लाजा के पास एक युवक का कार में शव पड़ा है। इस पर पुलिस के अधिकारी एवं मोहन नगर पुलिस मौके पर जाकर निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक मृतक पीयूष बैस (37) आईयूसीएडब्ल्यू शाखा भिलाई में रीडर के पद पर पदस्थ था। पारिवारिक विवाद के चलते कुछ दिनों से परेशान था। बाफना टोल प्लाजा के पास आज संदिग्ध अवस्था में उसका शव मिला है। मोहन नगर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पीयूष की मौत हार्ट अटैक से होना बता रही है। दूसरे मामले में आरक्षक अनुज राय (32 ) निवासी सूर्य नगर धमधा चौकी जेवरा सिरसा में पदस्थ था। विगत दिनों बीमार होने पर उसे इलाज के लिए शंकराचार्य जुनवानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसकी रिपोर्ट कोविड-19 आई थी। इलाज के दौरान कोरोना से वह ठीक हो गया था परंतु अन्य बीमारियों के कारण उसका इलाज जारी था। शनिवार की सुबह 10 बजे उसका निधन हो गया।