दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 25 फरवरी। ब्रह्मलोक वासी रमेश कुमार वर्मा की पुण्य स्मृति में समस्त वर्मा परिवार द्वारा पाटन ब्लाक अंतर्गत ग्राम रेंगाकठेरा रानीतराई में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस में प्रवचनकर्ता सद्गुरु संत श्री निरंजन महाराज जी के चरणानुरागी शिष्य आचार्य मोनू महाराज इंदिरा नगर हथखोज भिलाई वाले ने गजेंद्र मोक्ष, सागर मंथन,वामन अवतार की कथा पर आध्यात्मिक विवेचन करते हुए कहा, जग के उद्धार की कथा है गजेन्द्र मोक्ष की कथा, प्रभु का अवतार किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं अपितु सम्पूर्ण मानव समाज के कल्याण के लिए होता है।
महाराज जी ने आगे सागर मंथन की कथा पर कहा कि जीवन का मंथन करके कुविचारों को दूर भगा कर स्नेह और प्रेम की परिभाषा को समझ कर मानव जीवन का सदुपयोग करे और परमात्मा के प्रेम रूपी अमृत को प्राप्त करे।
जीवन में लघुता का पाठ धारण करना आवश्यक है क्यूंकि लघुताई से ही प्रभुताई की प्राप्ति होती है छोटे से वामन बनकर ही प्रभु ने त्रैलोक्य अधिपति राजा बलि पर विजय प्राप्त किया, कथा श्रवण करने दूर दूर से सत्संगी जन उपस्थित होकर लाभ ले रहे हैं।