दुर्ग

खड़े ट्रक की तिरपाल काट दो लाख के पार्ट्स उड़ाने वाले गिरफ्तार
24-Feb-2022 5:22 PM
खड़े ट्रक की तिरपाल काट दो लाख के पार्ट्स उड़ाने वाले गिरफ्तार

एक फरार की तलाश जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 फरवरी।
खड़े ट्रक से कार के पार्टस भरी पेटियां चोरी करने वाले दो शातिर लोगों को खुर्सीपार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी आदतन चोर हैं और इनके खिलाफ पहले भी कई चोरी के मुकदमें हैं। एक आरोपी अभी भी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

खुर्सीपार टीआई दुर्गेश शर्मा ने बताया झारखंड के हजारी बाग निवासी अजय यादव ने खुर्सीपार थाने में उसके ट्रक से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। ट्रक का ड्राइवर सनटेक्स एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड कोलकाता से ट्रक क्रमांक एमएच 12 एचडी 2299 में कार का पार्ट्स अलग-अलग कार्टून में भरकर ला रहा था। ट्रक को महाराष्ट्र के औरंगाबाद माल पहुंचाना था। भिलाई पहुंचने पर अचानक ट्रक खराब हो गया। ड्राइवर ने ट्रक को खुर्सीपार गेट राहुल गैरेज के पास खड़ा कर दिया। रात अधिक हो जाने से ड्राइवर ट्रक के अंदर सो गया था।

ड्राइवर ने सुबह उठकर देखा तो ट्रक में ढकी त्रिपाल कटी हुई थी। अंदर देखा तो वहां से कार के पार्ट्स से भरे 15 कार्टून बाक्स चोरी हो गए हैं। चोरी गए पार्ट्स की कीमत लगभग 2 लाख रुपए से अधिक थी।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 294, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के दौरान उनकी टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। फुटेज में तीन लोग उस रात डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद नगर खुर्सीपार की तरफ जाते हुए दिखाई दिए। तीनों में से एक के हाथ में लकवा था। पुलिस ने जब इस हुलिया के आदमी की तलाश की तो उसकी पहचान गंगू उर्फ धर्मेंद्र के रूप में हुई। पुलिस ने तेलहा नाला खुर्सीपार के गंगू और शेख साहिल को गिरफ्तार कर जब सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने एक अन्य साथी सोनू के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से कार के पार्ट्स से भरे 15 कार्टून जब्त कर लिये गए हैं।


अन्य पोस्ट