दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 24 फरवरी। पाटन ब्लाक के ग्राम रेंगाकठेरा रानीतराई में स्व रमेश वर्मा की पुण्य स्मृति में परिवार जनों द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस में ध्रुव चरित्र, भरत चरित्र, जड़भरत चरित्र, प्रह्लाद चरित्र, नृसिंह अवतार की कथा पर आध्यात्मिक प्रवचन करते हुए प्रवचनकर्ता सद्गुरु संत निरंजन महाराज के चरणानुरागी शिष्य आचार्य मोनू महाराज इंदिरा नगर हथखोज वाले ने कहा भारत की धरती संस्कार से युक्त थी, लेकिन आज पाश्चात्य सभ्यता मानो सुरसा बनकर कर हमारी संस्कृति को निगल रही है।
इसमें दोष हम स्वयं भारतवासियों का है जो आधुनिकता के चक्कर में अपने संस्कार और संस्कृति को भूलते जा रहे हैं, जिस धरती पर भगवान ने अवतार धारण कर माता पिता को भगवान की संज्ञा दिए और उनकी पूजा किये आज उसी धरा पर जगह जगह वृद्धा आश्रम बनाया जा रहा है। यह भारत देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बात है, माता पिता की पुजा कर लो भगवान की पुजा हो गई। माता पिता की परिक्रमा कर लो सारे तीर्थों की परिक्रमा हो गई, माता पिता के चरणामृत पी लो गंगाजल का पान हो गया, जिस घर में माता पिता दुखी है याद रखे उस घर मे असुरत्व का वास होता हैं।
आगे महाराज जी ने भरत चरित्र का चित्रण करते हुए कहा कि मानव जीवन में मोह दुख को जन्म देने वाला है, जो जीव मोह के वशीभूत हो गया समझो जीवन में दुख से ग्रस्त रहेगा इसलिए मोह और प्रेम के अंतर को समझो, जिस वस्तु पर जीव का मोह है। उसके मिलने और बिछुडऩे पर हर्ष और विषाद की प्राप्ति होती है, महाराज ने हर घर तुलसी की पूजा का संदेश दिया। जिस घर में तुलसी और शालग्राम भगवान की पुजा हो वहाँ पर 33 कोटि देवी देवताओं का वास होता है, हर गृहस्थ जीवन का है कि स्नान के पश्चात तुलसी की पूजा और उसमें एक लोटा जल अवश्य ही अर्पण करें।