दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 22 फरवरी । उत्तरप्रदेश में विधानसभा का चुनाव चल रहा है। चुनावी समर में विजयश्री दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को भी पीलीभीत जिले की जिम्मेदारी पार्टी हाईकमान ने सौंपी है, जिससे राजनैतिक फिजा में गर्माहट आ गई है। उनके सहयोगी के रूप में छत्तीसगढ़ भाजपा विधायक दल के स्थायी सचिव जितेंद्र वर्मा एवं पूर्व संगठन सहायक बिलासपुर के दिग्गज नेता दिलेन्द्र कौशिल भी मौजूद हैं, जो उनसे कन्धा से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।
श्री वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत से यूपी में सरकार बनायेगी। छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल प्रभारी के रूप में काम कर रहे हैं, उनके नेतृत्व में पीलीभीत और बरखेड़ा विधानसभा के चुनावी इतिहास में जीत का इतिहास रचा जाएगा, क्योंकि अपने राजनीतिक जीवन में लगातार सात बार विधायक रहे श्री अग्रवाल के अनुभवों का लाभ भी पीलीभीत जिले को नि:संदेह मिलेगा। छत्तीसगढ़ में वैसे भी बृजमोहन अग्रवाल को चुनावी मैनेजमेंट का मास्टर माइंड माना जाता है जिसका लाभ पीलीभीत जि़ला के भाजपा प्रत्याशियों को मिलेगा। वे चुनाव में बूथ के मैनेजमेंट का कार्य कैसे किया जाता है उसकी क्या बारिकियाँ होती है उसके गुण पीलीभीत के भाजपा कार्यकर्ताओं को सिखा रहे हंै।
बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल के स्थायी सचिव जितेंद्र वर्मा एवं पूर्व संगठन सहायक बिलासपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता दिलेंद्र कौशिल, रायपुर से संजय शर्मा एवं सुनील पंड्या एवं छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
इस चुनाव में राम मंदिर, धारा 370 और तीन तलाक जैसे मुद्दों के साथ ही कोरोनाकाल में योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा किए गए कार्यों की भी चर्चा जनता के मन मस्तिष्क में है । देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह काशी विश्वनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया, इससे मथुरा के लोगों और ख़ास कर ब्रज प्रांत के लोगों में भारी उत्साह है। लोगों को आशा है कि मथुरा में श्री कृष्ण भगवान की जन्मस्थली का विकास और जीर्णोद्धार होगा। मुख्य रूप से उत्तरप्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और लोगों को अमन, शांति और चैन मिलेगा, इसलिए जनता जनार्दन का रुझान भारतीय जनता पार्टी के प्रति बढ़ा है। भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनायेगी।